नई दिल्ली, 3 दिसंबर: अमरीका में ट्रम्प प्रशासन ने 19 गैर-यूरोपीय देशों के प्रवासियों द्वारा दायर किए गए सभी आव्रजन आवेदनों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। इनमें ग्रीन कार्ड और अमरीकी नागरिकता प्रक्रियाएं शामिल हैं। इस कदम को राष्ट्रीय सुरक्षा समीक्षा के हिस्से के रूप में लागू किया गया है।
यह रोक उन 19 देशों के लोगों पर लागू है जिन पर जून में आंशिक यात्रा प्रतिबंध लगा दिया गया था। इन देशों की सूची में अफ़गानिस्तान और सोमालिया भी शामिल हैं। नई नीति की रूपरेखा तैयार करने वाले आधिकारिक ज्ञापन में पिछले हफ़्ते वाशिंगटन में अमरीकी नेशनल गार्ड के सदस्यों पर हुए हमले का हवाला दिया गया है। इसमें एक अफ़गान व्यक्ति को संदिग्ध के तौर पर गिरफ्तार किया गया है। गोलीबारी में नेशनल गार्ड का एक सदस्य मारा गया और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था।
