हजारों वर्ष पुराने सभ्‍यतागत संबंधों को साझा करते हैं भारत और इंडोनेशिया: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 27 नवंबर:रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया हजारों वर्ष पुराने सभ्‍यतागत संबंधों को साझा करते हैं। उन्‍होंने कहा कि दोनों देश समुद्री पड़ोसी हैं और वे ऐतिहासिक, सांस्‍कृतिक और सभ्‍यतागत सम्‍पर्कों को साझा करते हैं। नई दिल्‍ली में भारत-इंडोनेशिया रक्षा मंत्रियों की तीसरी वार्ता के दौरान रक्षा मंत्री ने यह टिप्‍पणी की। श्री सिंह ने कहा कि बहु-पक्षवाद के मूल्‍य, समावेशिता और कानून दोनों देशों में समान है। इन साझा मूल्‍यों ने हमारे समकालीन संबंधों को दिशा प्रदान की है। श्री सिंह ने कहा कि आज की वार्ता दोनों देशों के रक्षा सहयोग की बढ़ती शक्ति के एक परीक्षण के रूप में सेवा प्रदान करती है। ये हमारे सहयोग का एक महत्‍वपूर्ण स्‍तम्‍भ है।
रक्षा मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि द्विपक्षीय बैठक के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा घटनाक्रमों की समीक्षा की जाएगी, बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को प्रगाढ़ बनाने के लिए नए क्षेत्र तलाशे जाएंगे। मंत्रालय ने बताया कि इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री जाफरी शमसुद्दीन की यात्रा भारत-इंडोनेशिया के रक्षा संबंधों में बढ़ती गति का परिचायक है। यह यात्रा साझेदारी को विस्‍तार देने में एक साझा वचनबद्धता का संकेत भी है। इंडोनेशिया के राष्‍ट्रपति की जनवरी महीने में हुई भारत यात्रा के कई महीनों बाद यह वार्ता हुई है। यह वार्ता रक्षा संबंधों के प्रति दोनों देशों के महत्‍वपूर्ण सामरिक संबंधों को और सशक्‍त बनाती है।

Leave a Reply