नई दिल्ली, 22 नवंबर: भारतीय मजदूर संघ ने चार नई श्रम संहिताओं को लागू करने का स्वागत किया है। मजदूर संघ के राष्ट्रीय सचिव गिरीश आर्य ने कहा कि यह आज़ादी के बाद से श्रमिकों के पक्ष में किया गया सबसे बड़ा सुधार है। उन्होंने कहा कि इससे श्रमिक सशक्त होंगे और अनुपालन आसान होगा।
भारतीय ट्रेड यूनियनों के राष्ट्रीय मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि लगभग पचास करोड़ लोग असंगठित क्षेत्र में कार्यरत हैं और नई श्रम संहिताओं के लागू होने से अब उनका न्यूनतम वेतन पूरी तरह सुनिश्चित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन का भी प्रावधान है। व्यक्तिगत स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुडे पुराने कानूनों को कई आधुनिक प्रावधानों के साथ अपडेट किया गया है।
नई श्रम संहिताओं का स्वागत करते हुए नैसकॉम ने कहा कि इसके प्रमुख प्रावधान भारत की श्रम सुधार यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वेतन, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर अधिक स्पष्टता से एक मज़बूत कार्यबल तैयार करने में मदद मिलेगी। नैसकॉम ने कहा कि वह उद्योग जगत को इस बदलाव को आत्मविश्वास के साथ अपनाने में मदद करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करेगा।
चंडीगढ़ में श्रमिकों ने नए श्रम संहिताओं का स्वागत करते हुए कहा है कि ये कानून श्रमिकों के हित में हैं।
