राष्ट्र मना रहा है जनजातीय गौरव दिवस, गृहमंत्री अमित शाह ने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि

नई दिल्ली, 15 नवंबर:गृहमंत्री अमित शाह ने आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री शाह ने कहा कि बिरसा मुंडा न सिर्फ जनजातीय समाज बल्कि पूरे देश का गौरव हैं। गृहमंत्री ने कहा कि पूरे देश में आज जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। राष्‍ट्र स्‍वाधीनता आंदोलन और मातृभूमि की रक्षा के लिए उनके अटूट संकल्‍प को नमन करता है।

उस दिन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज नई दिल्ली स्थित संसद परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी जयंती 2021 से देश भर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने देशभक्ति की एक ऐसी ज्योति प्रज्वलित की जो पीढ़ियों तक जलती रहेगी। उन्होंने कहा कि धरती आबा और अन्य आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत सदैव अमर रहेगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि राष्ट्रहित, आदिवासी उत्थान और स्वाभिमान के लिए बिरसा मुंडा का अद्वितीय संघर्ष सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

दूसरी ओर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति सी.पी. राधाकृष्‍णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने आज झारखंड के स्थापना दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दीं हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की धरती के प्रतिभाशाली और मेहनती लोगों ने राज्य और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध यह राज्य राष्ट्र के विकास में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि यहाँ के आदिवासी समुदायों की समृद्ध लोक कलाएँ देश-विदेश में प्रतिष्ठित हैं। इस धरती के वीर योद्धाओं ने मातृभूमि की सेवा के अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि अपने परिश्रमी लोगों के योगदान से समृद्ध झारखंड राष्ट्र के विकास में अमूल्य भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की यह भूमि, शौर्य, स्वाभिमान और समृद्ध आदिवासी संस्कृति से ओतप्रोत, अपने गौरवशाली इतिहास के लिए प्रसिद्ध है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आदिवासी संस्कृति से समृद्ध भगवान बिरसा मुंडा की धरती का इतिहास साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथाओं से भरा है। उन्होंने राज्य और उसके लोगों की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।

गृह मंत्री शाह ने कहा कि झारखंड ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देने तक, हर प्रयास में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने झारखंड को प्राकृतिक संसाधनों और जनजातीय विरासत की पवित्र भूमि बताया।