नई दिल्ली, ८ नवंबर : पंजाब में सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ ने कल शाम अमृतसर स्थित विश्व प्रसिद्ध अटारी-वाघा संयुक्त चौकी और फाजिल्का स्थित सादकी संयुक्त चौकी पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। बीएसएफ कर्मियों के साथ हजारों दर्शकों ने वंदे मातरम् गाकर देश भक्ति का माहौल बनाया और हर भारतीय के दिल में राष्ट्र के प्रति उत्साह, गौरव और प्रेम का संचार किया।
यह सामूहिक गायन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। बीएसएफ, पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक अतुल फुलझेले के नेतृत्व में पंजाब स्थित सभी मुख्यालयों और इकाइयों के साथ-साथ सीमा चौकियों में भी गायन का आयोजन किया गया। जालंधर, लुधियाना और मानसा सहित पंजाब के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।
