मेक्सिको में ट्रेन और बस की भीषण टक्कर: 10 की मौत, 61 घायल

मेक्सिको, 9 सितंबर: मेक्सिको के मध्य भाग में एक ट्रेन और डबल-डेकर यात्री बस की भीषण टक्कर में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 61 अन्य घायल हो गए। राज्य के नागरिक सुरक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।

यह दुखद दुर्घटना कल स्थानीय समय के अनुसार मेक्सिको के एटलाकोमुलको नगर पालिका के एक राजमार्ग पर हुई। घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रेन बस को कुछ दूर तक खींचकर ले गई, जिससे बस की छत फट गई। हादसे में बस के ज्यादातर यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

ट्रेन का स्वामित्व कैनेडियन पैसिफिक कंसास सिटी डे मेक्सिको रेलवे के पास है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि चलती ट्रेन के सामने से बस निकलने की कोशिश कर रही थी। कंपनी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और चालकों से रेलवे क्रॉसिंग पर सिग्नल और रुकने के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।

प्रशासन ने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और दुर्घटना की जांच जारी है।