केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज लखनऊ में एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस के 60 हजार दो सौ 44 नव-नियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौपें। राज्य के कानून प्रवर्तन को मजबूत बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के पुलिस बल का आधुनिकीकरण शुरू हुआ है। उत्तर प्रदेश में इसकी शुरूआत वर्ष 2017 में हुई थी।
उन्होंने कहा कि पहले पुलिस बल में भर्तियां जाति के आधार पर की जाती थी, लेकिन आज प्रौद्योगिकी के माध्यम से पारदर्शिता के साथ सभी उम्मीदवारों को नियुक्त किया जाता है। आज सीसीटीवी कैमरे, नियंत्रण कक्ष, पीसीआर वन और डेढ़ सौ से अधिक फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाएं हैं। चुने गए उम्मीदवारों को इसे आगे लेकर जाना होगा।
गृहमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नए रंगरूट सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता के मंत्र के साथ आगे बढ़ेंगे।
कांस्टेबलों की सीधी भर्ती के कुल 60 हजार दो सौ 44 पदों में से 12 हजार 48 महिला कांस्टेबल हैं। यह पहली बार है कि किसी भी सुरक्षा बल में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को नियुक्ति पत्र मिले हैं।
