पराग्‍वे के राष्‍ट्रपति 2 से 4 जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे

पराग्‍वे के राष्‍ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस दो से चार जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आयेंगे। उनके साथ कई मंत्री, वरिष्‍ठ अधिकारी और व्‍यवसायिक प्रतिनिधि सहित उच्‍चस्‍तरीय प्रतिनिधिमंडल होगा। इस यात्रा के दौरान दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों की व्‍यापक समीक्षा कर सकते हैं।

एक बयान में विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्‍ट्रपति पेना की भारत की पहली तथा पराग्‍वे के किसी राष्‍ट्रपति की यह दूसरी यात्रा होगी। दो जून को राष्‍ट्रपति पेना प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे। इस वार्ता के दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के हर पहलु की समीक्षा करेंगे। चार जून को पराग्‍वे लौटने से पहले राष्‍ट्रपति पेना मुंबई भी जाएंगे। मुंबई में राष्‍ट्रपति पेना महाराष्‍ट्र के राजनीतिक नेताओं, व्‍यवसाय और औद्योगिक प्रतिनिधियों तथा प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों से भी मिलेंगे। भारत और पराग्‍वे ने 1961 में राजनयिक संबंध स्‍थापित किये हैं। ये संबंध दशकों से दोनों राष्‍ट्रों के बीच गर्मजोशी पूर्ण और मैत्रिपूर्ण संबंधों को बढावा दे रहे हैं। दोनों देशों ने व्‍यापार, कृषि, स्‍वास्‍थ्‍य, फार्मास्‍युटिकल्‍स और सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग विकसित किये हैं। पराग्‍वे लैटिन अमरीकी क्षेत्र में भारत का एक महत्‍वपूर्ण व्‍यापारिक साझेदार है। ऑटो मोबाइल और फार्मास्‍युटिकल्‍स क्षेत्र की कई भारतीय कंपनियां पराग्‍वे में कार्यरत हैं। पराग्‍वे की कंपनियां भी भारत में मौजूद हैं। ये कंपनियां दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों में योगदान कर रही हैं। दोनों देश संयुक्‍त राष्‍ट्र सुधार, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा और आतंकवाद से मुकाबले सहित विभिन्‍न अंतर्राष्‍ट्रीय मुद्दों पर समान दृष्टिकोण साझा करते हैं।