संयुक्त राज्य अमरीका के राष्ट्रीय वैमानिकी और अंतरिक्ष प्रशासन – नासा ने घोषणा की है कि नौ महीने से अधिक समय से अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे हुए बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स आज रात पृथ्वी पर लौट आएंगे। ड्रैगन अंतरिक्ष यान कल सुबह 3 बजकर 27 मिनट पर पृथ्वी पर उतरेगा।
एक आधिकारिक बयान में, अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से क्रू-9 मिशन की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अंतरिक्ष यात्रियों की फ्लोरिडा तट से दूर समुद्र में उतरने की उम्मीद है।
स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन क्राफ्ट में नासा के अंतरिक्ष यात्री निक हेग और रोस्कोस्मोस अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोरबुनोव भी मौजूद रहेंगे। अंतरिक्ष यात्री पिछले साल जून से अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे हैं।
बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान के पहले चालक दल के मिशन के बाद, इसमें तकनीकी समस्याओं के कारण वापसी नहीं हो पाई थी।