राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल मोहाली में पंजाब सरकार की ओर से उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरुओं के आशीर्वाद और प्रेरणा से पंजाब की धरती ने शहीदों और क्रांतिकारियों को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण अध्याय इसी धरती पर लिखे गए हैं।
राष्ट्रपति ने विभिन्न क्षेत्रों में पंजाब की ज्यादा भागीदारी पर कहा कि यहां के प्रगतिशील किसानों ने अपनी मेहनत से हरित क्रांति को सफल बनाया और देश को खाद्य सुरक्षा प्रदान की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब के किसान और कृषि वैज्ञानिक एक बार फिर पर्यावरण के अनुकूल खेती अपनाकर देश के कृषि क्षेत्र का नेतृत्व करेंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे से हर पंजाबी उत्साहित है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज राष्ट्रपति चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय के 72वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी।