मणिपुर में पुलिसकर्मी समेत दो की मौत

उखरुल (मणिपुर), 2 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के उखरुल जिले में दो गांव के लोगों के बीच जमीन को लेकर हुई आपसी गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई जबकि इसमें कई अन्य लोग घायल हो गए।

मणिपुर पुलिस ने बताया कि यह घटना आज सुबह तकरीबन 9:25 बजे हुई। जानकारी के अनुसार हुनफुन और हंगपुंग गांव में लोगों के बीच हिंसक झड़प हुई। इसमें मणिपुर राइफल्स के एक कर्मी समेत दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई है। पुराने भूमि विवाद को लेकर झगड़ा शुरू हुआ था। तनाव बढ़ने के बाद दोनों गुटों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जिसके परिणामस्वरूप लोगों की मौत के साथ-साथ कई लोग घायल भी हो गए।

सूचना पाकर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए त्वरित कार्रवाई की। उखरुल के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट ने सुबह 9:30 बजे से कर्फ्यू लगा दिया। लोगों की आवाजाही पर निषेधाज्ञा लगा दी गई।

अफवाह रोकने के लिए जिले में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को दोपहर 1:20 बजे से 24 घंटे के लिए निलंबित कर दिया गया है। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। हालांकि सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *