मप्रः मुख्यमंत्री ने पेरिस ओलम्पिक और पैरालम्पिक खिलाड़ियों को किया सम्मानित, नियुक्ति पत्र सौंपे

– विवेक, रूबीना और कपिल को मिले 1-1 करोड़ रुपये, 18 विक्रम अवार्डी को मिले शासकीय सेवा के नियुक्ति-पत्र

भोपाल, 2 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को पेरिस ओलम्पिक और पैरालम्पिक खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने तीन खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ और तीन खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपये, एक खिलाड़ी को तीन लाख रुपये और एक को दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किये। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, विधायक भगवानदास सबनानी अपर मुख्य सचिव स्मिता भारद्वाज एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी और उनके अभिभावक उपस्थित थे।

खिलाड़ी पदक की तैयारी करें, आपकी चिन्ता होगी हमारीः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पेरिस ओलम्पिक एवं पैरालम्पिक-2024 के चैम्पियन खिलाड़ियों को सम्मान राशि एवं शासकीय सेवा में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए खिलाड़ियों से कहा कि खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने की तैयारी करें, आगे की चिन्ता हम करेंगे। उन्होंने ओलम्पिक में भारतीय हॉकी का गौरव लौटने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारे लिये गर्व की बात है कि हॉकी टीम में मध्यप्रदेश के गौरव विवेक सागर ने अपना अहम योगदान दिया है और हमें गौरवान्वित किया है।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की खिलाड़ी भावना इस बात से स्पष्ट होता है कि वे पदक विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी पदक से वंचित खिलाड़ियों को अधिक उत्साह के साथ अगली प्रतियोगिता की तैयारी के लिए प्रोत्साहित कर उनका मनोबल बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी कारण से ओलम्पिक में जब हमारी बहन कुश्ती में पदक हासिल नहीं कर सकी तब भी प्रधानमंत्री मोदी उनके साथ खड़े थे। प्रधानमंत्री मोदी असफलता पर सिर्फ खिलाड़ियों का ही नहीं बल्कि उच्च लक्ष्यों की प्राप्ति में असफलता पर वैज्ञानिकों के प्रयासों के लिए अभिनंदन करते हैं।

पदक विजेता खिलाड़ी बने करोड़पति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओलम्पिक पदक हासिल करने वाले हॉकी खिलाड़ी विवेक प्रसाद सागर, पैरालम्पिक पदक प्राप्त जूडो खिलाड़ी कपिल परमार और शूटिंग खिलाड़ी रूबीना फ्रांसिस को राज्य सरकार की ओर से एक-एक करोड़ रुपये की राशि का चेक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने ओलम्पिक प्रतिभागी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पैरालम्पिक प्रतिभागी प्राची यादव और पूजा ओझा को 10-10 लाख रुपये, विश्व 6-रेड स्नूकर वर्ल्ड चैम्पियनशिप के विजेता कमल चावला को तीन लाख और डेफ शूटिंग चैम्पियनशिप के विजेता चेतन हेमंत सप्कल को दो लाख राशि का चेक भेंट कर सम्मानित किया।

विक्रम अवॉर्डी को दिए गए नियुक्ति-पत्र

कार्यक्रम में मंत्री सारंग ने वर्ष 2017 से वर्ष 2022 तक विक्रम पुरस्कार प्राप्त उत्कृष्ट खिलाड़ियों को जल संसाधन, लोक निर्माण, नगरीय विकास, ऊर्जा, चिकित्सा शिक्षा एवं वन विभाग में नियुक्ति-पत्र प्रदान किये। थ्रो-बॉल खिलाड़ी चन्द्रकांत हरडे, वुशू खिलाड़ी भूरक्षा दुबे, शूटिंग खिलाड़ी प्रगति दुबे, खो-खो खिलाड़ी नैन्सी जैन, मलखम्ब खिलाड़ी राजवीर सिंह और जूडो खिलाड़ी सुश्री पूनम शर्मा को जल संसाधन विभाग में नियुक्ति के पत्र दिये गये। पैरा-केनो खिलाड़ी प्राची यादव और कराते खिलाड़ी निधि नन्हेट को लोक निर्माण विभाग में नियुक्ति पत्र, सॉफ्ट बॉल खिलाड़ी पूजा पारखे, रागिनी चौहान तथा योगा के रोहित वाजपेई को नगरीय विकास एवं आवास विभाग का नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया।

सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा और साहसिक खेल के भगवान सिंह कुशवाह को ऊर्जा विभाग में, कबड्डी खिलाड़ी कंचन ज्योति, सॉफ्ट बॉल खिलाड़ी सुबोध चौरसिया और सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी आदित्य दुबे को चिकित्सा शिक्षा, शूटिंग खिलाड़ी चिंकी यादव को वन और आध्या तिवारी को आयकर विभाग में नियुक्ति का पत्र सौंपा गया।

मंत्री सारंग ने कहा कि मैदान में उतरने वाला खिलाड़ी किस स्तर का खिलाड़ी बनेगा, यह नहीं कहा जा सकता परंतु यह सुनिश्चित है कि खेलों से जुड़ने वाला हर खिलाड़ी एक सभ्य, अनुशासित नागरिक जरूर बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहले ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने गांधी जी के स्वच्छता संदेश को मूर्त रूप देने का काम किया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से गांधी जयंती 02 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाए गए स्वच्छता पखवाड़े पर केन्द्रित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *