राष्ट्रपति 4 अक्टूबर काे करेंगी ब्रह्माकुमारीज़ के ग्लोबल समिट का उद्घाटन

राष्ट्रपति मुर्मु 3 अक्टूबर को पहुंचेंगी आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मुख्यालय शांतिवन

जोधपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सिरोही जिले के आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मुख्यालय शांतिवन में आयोजित चार दिवसीय ग्लोबल समिट का 4 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उद्घाटन करेंगी।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मु विशेष विमान से 3 अक्टूबर को शाम को शांतिवन पहुंचेंगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद 4 अक्टूबर को सुबह 9.30 बजे ग्लोबल समिट का विधिवत शुभारंभ करेंगी। स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के लिए आध्यात्मिकता विषय पर आयोजित इस समिट में देश-विदेश से अपने-अपने क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां भाग लेंगी। समिट के संयोजक व संस्थान के कार्यकारी सचिव डॉ बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मुख्यालय में ग्लोबल समिट आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर से धर्म, अध्यात्म, शिक्षा, राजनीति, व्यापार और मीडिया जगत की दिग्गज हस्तियां भाग लेंगी। समिट में कुल आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे। वहीं रात में देशभर से आए कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

राष्ट्रपति बनने के बाद मुर्मु पहली बार 3 जनवरी 2023 को शांतिवन आईं थीं। जहां उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित आध्यात्मिकता से स्वर्णिम भारत का उदय कार्यक्रम में भाग लिया था। राष्ट्रपति लंबे समय से ब्रह्माकुमारीज संस्थान से जुड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *