पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अक्षय शिंदे के पिता ने अमित शाह को पत्र लिखकर मांगी सुरक्षा

– बदलापुर दुष्कर्म मामले के मृतक आरोपित के शव को दफनाने के लिए अभी तक नहीं मिली जमीन

मुंबई, 26 सितंबर (हि.स.)। मुंब्रा में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदलापुर दुष्कर्म मामले के आरोपित अक्षय शिंदे के पिता अन्ना शिंदे ने गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिख कर खुद के परिवार और वकील परिवार को सुरक्षा दिए जाने की मांग की है। पत्र में अन्ना शिंदे ने दावा किया है कि उन्हें और उनके वकील को भाजपा नेता किरीट सोमैया से कहीं ज्यादा खतरा है। बदला पुर प्रशासन गुरुवार को मृत अक्षय शिंदे का शव दफनाने के लिए जमीन की व्यवस्था नहीं कर सका है। बदलापुर के पुलिस प्रशासन ने आज फिर उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को तत्काल जमीन मुहैया करवाने का निर्देश दिया है।

अन्ना शिंदे के वकील अमित कटारनवरे ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि बदलापुर दुष्कर्म मामले में कुछ छह आरोपित थे। पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी भी अन्य आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया है। इतना ही नहीं पुलिस ने अब तक आरोपित अक्षय शिंदे के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र भी पेश नहीं किया था। इसके बावजूद लोग अक्षय शिंदे को ही मुख्य आरोपित मानने लगे हैं और उसका शव दफन करने का विरोध कर रहे हैं। इससे शक गहरा जाता है कि इस मामले में मुख्य आरोपितों को बचाने के लिए अक्षय का एनकाउंटर किया गया। इस मामले को दिए जा रहे राजनीतिक रंग की वजह से अन्ना शिंदे और उनके परिवार को जान का खतरा बढ़ गया है। इससे पहले अन्ना शिंदे और उनके परिवार वालों पर हमला किया जा चुका है और उनके घर की तोड़ फोड़ की जा चुकी है। इसी वजह से अन्ना शिंदे ने केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है। साथ ही इस मामले का सही पहलू आम जनता तक लाने के लिए एक वकील के तौर पर मुझे भी सुरक्षा दी जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *