थाना हाजत में आरोपित की मौत पर हंगामा

पलामू, 24 सितंबर (हि.स.)। पलामू से सटे गढवा जिले में डंडई थाना में गिरफ्तार बच्चा भुइयां का शव मिलने पर आक्रोश भड़क गया। आरोप लगाया गया कि प्रशासन के द्वारा बेरहमी से पीट कर उसकी हत्या कर दी गई और साक्ष्य छुपाने के लिए फांसी पर लटका दिया। थाना के अंदर करीब चार फीट ऊंची खिड़की में फांसी के फंदे में लटकता हुआ शव पाया गया। बच्चा थाना कांड संख्या 59/2024 का आरोपी बताया गया है। जो जरही निवासी धनंजय साहू को चार दिन पूर्व चाकू मार कर घायल किया था। सोमवार को आरोपी को शाम 5ः30 बजे जेल भेजने के लिये गिरफ्तार कर थाना लाया गया था। मंगलवार सुबह में उसका शव खिड़की में गमछा द्वारा फांसी के फंदे से लटकता हुआ पाया गया।

घटना की सूचना पर मुख्यालय एसडीपीओ नीरज कुमार, बीडीओ जागो महतो डंडई थाना घटनास्थल पर पहुंचे और थाना प्रभारी जनार्दन रावत से घटना की जानकारी ली।

इधर, जैसे ही परिजनों को फांसी लगाने की जानकारी मिली आक्रोशित हो गये। थाने पर पहुंचकर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, पुलिस की मनमानी नहीं चलेगी, गरीबों को शोषण करना बंद करो सहित कई नारा लगाते हुये विरोध प्रदर्शन करने लगे।

परिजनों ने बताया कि चार दिन पूर्व शुक्रवार को बच्चा भुइयां एक व्यक्ति पर चाकू मार दिया था। उसके बाद पुलिस शुक्रवार को ही सुबह 8 बजे उसको पकड़ कर थाना लायी थी। पुलिस चार दिनों तक आरोपी को कहा और कैसे रखा, इसका कोई आता पता नहीं चला। सिर्फ इतनी जानकारी मिल रही थी कि पुलिस उसको जेल भेज देगी।

चार दिनों तक पुलिस थाने में गिरफ्तार आरोपी को क्यों रखी, समझ से परे है। हम लोग पुलिस के डर से थाना में उससे भेंट करने नहीं आ रहे थे कि कहीं हम लोगों को भी पुलिस पकड़ ना लें। हमलोग सोचे कि उसे जेल में ही जाकर भेंट कर लेंगे। परंतु आज सुबह कुछ लोगों के द्वारा जानकारी मिली कि बच्चा भुइयां ने थाना के अंदर फांसी लगी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी जानकारी नहीं दी गई।

बताया कि आज सुबह हम लोगों के घर डंडई पुलिस पहुंची और सादा पेज पर पांच लोगों से हस्ताक्षर, अंगूठा लगवाया। पूछने पर प्रशासन के द्वारा बोला गया कि आप लोग हस्ताक्षर व अंगूठा लगाईये कुछ नहीं होगा। इसके बाद हम लोग अंगूठा लगा दिये। पुलिस के द्वारा हम लोगों को उस समय तक बच्चा भुइयां की फांसी की जानकारी नहीं दी गयी है और पता चल रहा है कि पोस्टमार्टम के लिये शव को गढ़वा भेज दिया गया है।

घटना को लेकर एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि थाना कांड संख्या 59/2024 के आरोपी को सोमवार शाम 5ः30 बजे उसके घर से गिरफ्तारी कर थाना लाया गया था और हाजत के सामने वाले बाल मित्र कक्ष में रखा गया था। सुबह जब चौकीदार शौच करने के लिये उसे लेने गया तो पाया कि वह खिड़की में फांसी के फंदे में लटका हुआ है। इसकी जानकारी परिजनों को देते हुये फिलहाल जनप्रतिनिधियों के समक्ष शव को उतारा गया है और पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *