झारखंड के उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री बन्ना गुप्ता ने झारखंड पवेलियन का  किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री बन्ना गुप्ता ने दिल्ली के प्रगति मैदान में 19 से 22 सितंबर तक शुरू हुए मेगा फूड इवेंट ‘वर्ल्ड फूड इंडिया 2024 ‘ में झारखंड पवेलियन का उद्घाटन किया। इस माैके पर उन्हाेंने झारखंड फूड एंड फीड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री पालिसी का विमोचन किया।

इस मौके पर उन्हाेंने अपने संबाेधन में कहा कि झारखंड पवेलियन का मुख्य उद्देश्य विश्व भर से आए देश के भागीदार और नए निवेशकों के लिए उपयुक्त राज्य झारखण्ड में निवेश के लिए प्रोत्साहित करना व झारखंड प्रदेश की फ़ूड प्रोसेसिंग इकाइयों के उत्पादों को लोगों तक पहुंचाना है। इस अवसर पर झारखंड के उद्योग विभाग के सचिव जीतेन्द्र सिंह, उद्योग निदेशक सुशांत गौरव और संयुक्त निदेशक उद्योग प्रणव कुमार पॉल माैजूद रहे।

कार्यक्रम के दाैरान झारखंड के उद्योग विभाग के सचिव जीतेन्द्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष झारखंड उद्योग विभाग ने इस मेगा फ़ूड इवेंट में 13 प्रदर्शनी सह बिक्री स्टाल लगाई हैं| इनमें 3 स्टाल झारखंड सरकार के विभाग या उपक्रम हैं। बाकी निजी संस्थानों के स्टाल हैं| उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य प्रकृति का खजाना है। झारखंड राज्य में बहुत से खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पाद उत्पादित किये जा रहे हैं, जिनकी बिक्री देश, प्रदेश के अलावा विदेशों तक की जा रही है| इस इवेंट से हमारे उत्पादों को विश्वस्तरीय पटल मिलेगा|

गुरुवार काे शुरू हुए मेगा फूड इवेंट ‘वर्ल्ड फूड इंडिया 2024 ‘ के दाैरान झारखंड पवेलियन में लगे स्टालों पर लोगों की काफी भीड़ देखी गई एवं लोगों ने विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी के बारे में जानकारी ली l स्टॉल पर जहां मशरूम से बने विभिन्न उत्पाद जैसे पापड़, अचार, चटनी, जैम ने लोगों को जमकर आकर्षित किया। रागी (मिलेट्स की एक किस्म) से बनी मिठाई और नमकीन को लोग काफी पसंद कर रहे हैं l इसके अलावा मखाना एवं फ़ूड पल्प से जुड़े पेय भी लोगों को पसंद आ रहा है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *