पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से भगोड़े अमृतपाल का ऑस्ट्रिया से भारत में कराया प्रत्यार्पण

– डीजीपी गौरव यादव ने भगोड़े को भारत लाने के लिए बटाला पुलिस और आंतरिक सुरक्षा विंग की सराहना की

– डिपोर्ट किया गया आरोपित विभिन्न जघन्य अपराधों में शामिल था

चंडीगढ़, 13 सितंबर (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से बटाला के गांव भोमा के निवासी अमृतपाल सिंह, जिसके खिलाफ कई जघन्य अपराध दर्ज हैं, को ऑस्ट्रिया से सफलतापूर्वक डिपोर्ट करवा लिया है। वह शुक्रवार सुबह सात बजे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा और बटाला पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने शुक्रवार देर शाम अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया कि पंजाब पुलिस द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से किए गए अथक प्रयासों के बाद, कई जघन्य आपराधिक मामलों में दोषी अमृतपाल सिंह निवासी गांव भोमा थाना घुम्मण को ऑस्ट्रिया से भारत सफलतापूर्वक डिपोर्ट किया गया है।”

आराेपित अमृतपाल सिंह एक भगोड़ा है जो ऑस्ट्रिया में अवैध रूप से रह रहा था। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि डिपोर्ट किया गया आरोपित हत्या, हत्या के प्रयास, नशीले पदार्थों से संबंधित अपराध और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामलों समेत कई जघन्य अपराधों में शामिल है। उसे डिपोर्ट करना पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डीजीपी ने भगोड़े अमृतपाल सिंह को भारत वापस लाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बटाला सुहेल कासिम मीर के नेतृत्व वाली बटाला पुलिस की पूरी टीम और पंजाब पुलिस के आंतरिक सुरक्षा विंग के अथक प्रयासों की सराहना की।

इस संबंध में और जानकारी देते हुए एसएसपी बटाला सुहेल कासिम मीर ने बताया कि आरोपित अमृतपाल सिंह, जिसे कई मामलों में भगोड़ा घोषित किया गया था, 2022 में दुबई और सर्बिया के रास्ते ऑस्ट्रिया भाग गया था, और तब से गिरफ्तारी से बच रहा था। उन्होंने आगे कहा कि उसने वहां राजनीतिक शरण के लिए भी आवेदन किया था। एसएसपी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्राधिकरणों के लगातार प्रयासों और सहयोग के बाद, पंजाब पुलिस ने न्याय सुनिश्चित करने के लिए उसे भारत वापस लाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *