53वीं राष्ट्रीय बालिका अंडर-14 कब्बड्डी प्रतिस्पर्धा का हुआ समापन

जम्मू, 7 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 जम्मू कैंट की मेजबानी में शनिवार को 53वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता (अंडर 14 बालिका) कबड्डी प्रतियोगिता का समापन समारोह एम.ए.एम स्टेडियम जम्मू में नगेंद्र गोयल उपायुक्त जम्मू संभाग की अध्यक्षता में किया गया।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 3-9-2024 से 7-9-2024 तक किया गया। ध्यातव्य है कि इस अवसर पर 22 संभाग से कुल 232 खिलाड़ी व 47 अनुरक्षक भी उपस्थित रहे। अंडर 14 कबड्डी के सभी मैच एम.ए.एम. स्टेडियम में खेले गए। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न संभागों के खिलाड़ी एक दूसरे के साथ कबड्डी में अपना दम खम दिखाते हुए नज़र आए।

इन सभी खिलाड़ियों के ठहराव, सभी व्यवस्थाओं का सफल उत्तरदायित्व सुनील कुमार यादव मेजबान प्राचार्य, के.वि. 2 जम्मू द्वारा किया गया। सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए डॉ. ऋतु पल्लवी के.वि. 2 जम्मू भी पहुंची। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में लखनऊ संभाग विजेता रहा। वहीं दूसरे स्थान पर चेन्नई संभाग व तृतीय स्थान जबलपुर संभाग ने जीत दर्ज की। इन सभी विजेताओं को ट्रॉफी व पदक पहनाकर नगेन्द्र गोयल उपायुक्त, डॉ. ऋतु पल्लवी सहायक आयुक्त (प्रशिक्षण) मुख्यालय नई दिल्ली, इस्लाम खान सहायक आयुक्त, अनिल कुमार सहायक आयुक्त जम्मू संभाग व मेज़बान प्राचार्य सुनील कुमार यादव ने सभी खिलाडियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों को आगे भी खेलों में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया। एम.ए.एम. स्टेडियम में इस अवसर पर अमित कुमार उपप्राचार्य के.वि. 2 व श्रीमती अर्चना शर्मा खेल शिक्षिका के.वि. 2 भी उपस्थित रहे। अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर चेन्नई संभाग व द्वितीय स्थान पर बेंगलोर व तृतीय स्थान पर गुरुग्राम संभाग ने अपनी जगह बनाई। केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न राष्ट्रीय खेलों का आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण व स्वस्थ खेल भावना के विकास हेतु किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *