आरजी कर कांड के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

कोलकाता, 04 सितंबर (हि.स.)। कोलकाता के एक अस्पताल में पिछले महीने एक डॉक्टर के कथित दुष्कर्म और हत्या के विरोध में बुधवार को पांसकुड़ा और उन्दा में भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हो गई।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की, और उन्हें ऐसे मामलों को रोकने में ‘विफल’ बताया। उन्होंने दोनों स्थानों पर टायर जलाए और नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई, लेकिन एक अधिकारी के अनुसार, स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार पर ‘वास्तविक दोषियों को बचाने’ और जांच से ध्यान भटकाने का भी आरोप लगाया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने बालुरघाट में जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।

इस बीच, भाजपा समर्थकों ने कोलकाता के एस्प्लेनेड क्रॉसिंग पर अपना धरना जारी रखा, जिसमें वे पोस्टग्रेजुएट प्रशिक्षु डॉक्टर के लिए न्याय की मांग कर रहे थे। इस युवा डॉक्टर का शव नौ अगस्त को राज्य संचालित आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार कक्ष में मिला था, जिसने देशभर में आक्रोश फैला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *