खबर, आज जिन पर रहेगी नजर

-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज महाराष्ट्र के मुंबई और पालघर में

-संघ की बैठक पर सुनील आंबेकर की पत्रकार वार्ता केरल में

नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और पालघर के दौरे पर रहेंगे। वो सुबह 11 बजे मुंबई के जियाे वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट-2024 को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे पालघर के सिडको मैदान में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री मोदी के आज के महाराष्ट्र दौरे के कार्यक्रम को एक्स हैंडल पर साझा किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र दौरे की पूर्व संध्या पर एक्स हैंडल में लिखा है, ”मैं कल (30 अगस्त) महाराष्ट्र के लोगों के बीच रहने के लिए उत्सुक हूं। मैं मुंबई और पालघर में कार्यक्रमों में हिस्सा लूंगा। मुंबई में मैं सुबह करीब 11 बजे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट-2024 में हिस्सा लूंगा। यह मंच फिनटेक की दुनिया में भारत की प्रगति को प्रदर्शित करता है और क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों को एक साथ लाता है। इसके बाद मैं वाधवन बंदरगाह परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए पालघर में रहूंगा। यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण परियोजना है। यह बंदरगाह आधारित विकास और महाराष्ट्र की प्रगति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की विज्ञप्ति में कहा गया है कि वधावन बंदरगाह परियोजना लगभग 76,000 करोड़ रुपये लागत की है। यह परियोजना देश के सबसे बड़े गहरे पानी के बंदरगाहों में से एक होगी। यह बंदरगाह देश की समुद्री कनेक्टिविटी को बढ़ाएगा और वैश्विक व्यापार केंद्र के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करेगा। वाधवन बंदरगाह दहानू शहर के पास है। इसके साथ प्रधानमंत्री मोदी लगभग 1,560 करोड़ रुपये की 218 मत्स्य पालन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। राष्ट्रीय पोत संचार और समर्थन प्रणाली के तहत, 13 तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मशीनीकृत और मोटर चालित मछली पकड़ने वाली नौकाओं पर एक लाख ट्रांसपांडर स्थापित किए जाएंगे।

पीआईबी के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के विशेष सत्र को संबोधित करेंगे। फेस्ट का आयोजन भारतीय भुगतान परिषद, भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम और फिनटेक कन्वर्जेंस परिषद संयुक्त रूप से कर रहे हैं। भारत और विभिन्न देशों के नीति निर्माताओं, नियामकों, वरिष्ठ बैंकरों, उद्योग जगत के दिग्गजों और शिक्षाविदों सहित लगभग 800 वक्ता सम्मेलन में 350 से अधिक सत्रों को संबोधित करेंगे। यह फिनटेक परिदृश्य के नवीनतम नवाचारों को भी प्रदर्शित करेगा।

संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठकः राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक केरल के पलक्कड़ में 31 अगस्त से शुरू होगी। अखिल भारतीय समन्वय बैठक में संघ प्रेरित विविध संगठनों में कार्यरत संगठन के पदाधिकारी सहभागी होंगे। इस आयोजन की रूपरेखा और अन्य जानकारी को साझा करने को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर आज पलक्कड़ के अहल्या कैंपस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। देशभर के मीडिया को इससे जुड़ने का अवसर देते हुए वार्ता का यू-ट्यूब लिंक साझा किया गया है। यह पत्रकारवार्ता दोपहर साढ़े 12 बजे से शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *