ई-श्रम पोर्टल पर 29.82 करोड़ असंगठित श्रमिक पंजीकृत: शोभा करंदलाजे

नई दिल्‍ली, 29 जुलाई (हि.स.)। ई-श्रम पोर्टल पर 22 जुलाई 2024 तक 29.82 करोड़ से अधिक असंगठित श्रमिकों ने पंजीकरण कराया है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने सोमवार को लोकसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में बताया कि 22 जुलाई 2024 तक ई-श्रम पोर्टल पर 29.82 करोड़ से अधिक असंगठित श्रमिकों ने पंजीकरण कराया है। मंत्री ने कहा कि मंत्रालय ने ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित श्रमिकों के पंजीकरण में तेजी लाने और जागरूकता के लिए कई कदम उठाए हैं।

शोभा करंदलाजे ने कहा कि मंत्रालय द्वारा समय-समय पर कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के समन्वय से कई पंजीकरण शिविर और अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। ई-श्रम पर पंजीकरण के लिए श्रमिकों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जा रहा है। उन्‍होंने सदन को बताया कि असंगठित श्रमिकों के सहायता प्राप्त पंजीकरण की सुविधा के लिए राज्य सेवा केंद्रों (एसएसके) और कॉमन सर्विस सेंटर की सेवाओं को शामिल किया गया है। ई-श्रम को नए युग के प्रशासन के लिए एकीकृत मोबाइल एप्लीकेशन (उमंग ऐप) पर भी जोड़ा गया है, ताकि श्रमिकों तक पहुंच बढ़ाई जा सके और उनके मोबाइल पर ही पंजीकरण/अपडेट की सुविधा प्रदान की जा सके।

उल्‍लेखनीय है कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने असंगठित श्रमिकों का एक व्यापक राष्ट्रीय डेटाबेस बनाने के लिए 26 अगस्त 2021 को ई-श्रम पोर्टल (eshram.gov.in) लॉन्च किया था, जिसे सत्यापित करके आधार से जोड़ा गया है। ई-श्रम पोर्टल का उद्देश्य असंगठित श्रमिकों को यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) और ई-श्रम कार्ड प्रदान करके उनका पंजीकरण और सहायता करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *