नई दिल्ली १७ मई: जल जीवन मिशन ने बारह करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल से जल आपूर्ति प्रदान करने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस मिशन की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में की थी। इसका लक्ष्य 2024 तक गावों में हर घर को नल से जल आपूर्ति सुनिश्चित करना है। मिशन की घोषणा के समय ग्रामीण क्षेत्रों में केवल तीन करोड़ 23 लाख परिवारों को पाइप से जलापूर्ति की जा रही थी। जल शक्ति मंत्रालय ने बताया है कि वर्तमान में पांच राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में शत-प्रतिशत परिवारों को नल से जल आपूर्ति का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। ये राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं- गोवा, तेलंगाना, हरियाणा, गुजरात, पंजाब, पुदुचेरी, दमन और दीव, दादरा और नगर हवेली तथा अंडमान निकोबार द्वीपसमूह। मंत्रालय के अनुसार केंद्र और राज्य सरकारों के अथक प्रयासों की बदौलत नौ लाख से अधिक स्कूलों और नौ लाख 39 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में नल से जल आपूर्ति प्रदान की गई है।
2023-05-17