नई दिल्ली १७ मई: कर्नाटक में नये मुख्यमंत्री के चयन को लेकर संशय बरकरार है। नये मुख्यमंत्री के लिये नई दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पद के दोनों दावेदारों, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार ने कल शाम नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भेंट की। श्री सिद्धारमैया ने पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की। कांग्रेस पार्टी कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के चयन के बारे में अभी भी विचार-विमर्श कर रही है और कोई अंतिम निर्णय इस बारे में नहीं लिया गया है। श्री खरगे जल्द ही मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगें। कर्नाटक विधानसभा के 224 सदस्यों में से हाल ही में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीट जीती हैं।
2023-05-17