देशभर में आज ईद-उल-फित्र का पर्व मनाया जा रहा है, राष्ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दी

नई दिल्ली २२ अप्रैल: ईद-उल-फितर आज पूरे देश में धार्मिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाई जा रही है। आज ही के दिन महीने भर के रमजान का समापन भी होता है। नमाजियों ने मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अता की। नमाज के बाद, उन्‍होंने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। 
दिल्‍ली में ईद की नमाज जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और शाही ईदगाह में अता की गई। इस अवसर पर सुरक्षा के व्‍यापक प्रबंध किए गए।
खाड़ी देशों में ईद कल मनाई गई थी।

राष्ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ईद-उल-फितर के अवसर पर देशावासियों को बधाई दी है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक ट्वीट में कहा कि ईद प्रेम और करुणा का पर्व है और हमें दूसरों की सहायता का संदेश देता है। उन्‍होंने लोगों से अपील की कि समाज में भाई-चारा और आपसी सद्भाव आगे बढ़ाने की शपथ लें।