पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री शरद यादव का निधन, राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्‍यक्‍त किया

पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्‍गज समाजवादी नेता शरद यादव के निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति  प्रधानमंत्री और कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने दुख व्यक्त किया।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शरद यादव के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने कहा कि पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। लोकतांत्रिक मूल्‍यों के लिए लड़ने वाले 70 के दशक के छात्र नेता संसद में वंचितों की एक महत्‍वपूर्ण आवाज थे। 

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने संदेश में कहा कि शरद यादव एक लोकप्रिय नेता, प्रशासक और सार्वजनिक जीवन में उच्‍च आदर्शवादी व्‍यक्ति थे। 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ट्वीट में कहा कि शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। वे डॉक्‍टर लोहिया के आदर्श से काफी प्रभावित थे। मैं, हमेशा उनकी बातों को संजोकर रखूंगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में उनके आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शरद यादव के निधन को भारत और देश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे। राष्‍ट्रीय कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार, मार्क्‍सवादी कम्‍यूनिस्‍ट पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी और अन्य नेताओं ने भी यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्‍गज समाजवादी नेता शरद यादव का निधन कल गुरुग्राम एक अस्‍पताल में हुआ था। वे 75 वर्ष के थे।