प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मंगलवार को 108वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस को सम्‍बोधित करेंगे

नई दिल्ली ०१ जनुअरी : प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मंगलवार को सुबह साढ़े दस बजे विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्‍यम से 108वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस को सम्‍बोधित करेंगे। इस वर्ष का विषय है- महिला सशक्तिकरण के साथ सतत विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी। इसमें सतत विकास, महिला सशक्तिकरण और विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी की भूमिका पर चर्चा होगी। विज्ञान , प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, गणित शिक्षा और आर्थिक भागीदारी तक महिलाओं को समान पहुंच प्रदान करने के तौर-तरीके तलाशने के साथ-साथ अध्‍यापन, अनुसंधान और उद्योग जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की संख्‍या बढ़ाने के तौर तरीकों पर विचार-विमर्श किया जायेगा। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को दर्शाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा जिसमें प्रख्‍यात महिला वैज्ञानिकों के व्‍याख्‍यान होंगे।

भारतीय विज्ञान कांग्रेस के साथ-साथ कई अन्‍य कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जायेगा। बच्‍चों में वैज्ञानिक रूचि और स्‍वभाव विकसित करने में मदद के लिए बच्‍चों की विज्ञान कांग्रेस आयोजित की जायेगी। कृषक विज्ञान कांग्रेस जैव-अर्थव्‍यवस्‍था में सुधार और युवाओं को कृषि की ओर आकर्षित करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी। जनजातीय विज्ञान कांग्रेस का भी आयोजन किया जायेगा। इसमें जनजातीय महिलाओं के सशक्तिकरण पर ध्‍यान केन्द्रित करने के साथ साथ स्‍वदेशी प्राचीन ज्ञान प्रणाली और पद्धतियों के वैज्ञानिक प्रदर्शन के लिए मंच प्रदान किया जायेगा।

कांग्रेस का पहला सत्र 1914 में आयोजित किया गया था। भारतीय विज्ञान कांग्रेस का 108वां वार्षिक सत्र महाराष्‍ट्र के राष्‍ट्रसंत तुकादोजी महाराज नागपुर विश्‍वविद्यालय में आयोजित किया जायेगा जो इस वर्ष अपना शताब्‍दी वर्ष भी मना रहा है।