श्रीलंका की नौसेना ने गिरफ्तार किए 24 भारतीय मछुआरे, पांच नावें भी जब्त

कोलंबो, 29 नवंबर (हि.स.)। श्रीलंका की नौसेना ने अवैध शिकार के आरोप में 24 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। भारतीय मछुआरों की पांच नावें भी जब्त कर ली गयी हैं।

श्रीलंका की सेना ने मंगलवार को आधिकारिक बयान जारी कर जानकारी दी कि उत्तरी जाफना प्रायद्वीप में श्रीलंका के जल क्षेत्र में घुसकर अवैध रूप से शिकार करने के आरोप में 24 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया है। बयान में कहा गया है कि उत्तरी जाफना प्रायद्वीप में करैनगर के तट पर श्रीलंकाई नौसेना और श्रीलंका तटरक्षक बल के एक संयुक्त अभियान में सोमवार शाम मछुआरों को गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें कांकेसंथुराई बंदरगाह लाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए मछली पकड़ने के निरीक्षणालय को सौंप दिया गया। इन मछुआरों के साथ उनकी पांच नावों को भी जब्त कर लिया है।

श्रीलंका की नौसेना ने कहा कि इस साल अब तक कुल 252 भारतीय मछुआरों को श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध शिकार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में एक विवादास्पद मुद्दा है। दरअसल, श्रीलंका से तमिलनाडु को अलग करने वाली पानी की एक संकरी पट्टी पाक जलडमरूमध्य दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने का एक समृद्ध जलक्षेत्र है। समय-समय पर भारतीय मछुआरों को श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा को कथित रूप से पार करने और श्रीलंकाई जल में मछली पकड़ने के लिए पकड़े जाने के मामले सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *