आरती तुरी हत्याकांड पर बोले मुख्यमंत्री- ऐसी घटनाओं में एसपी और डीआईजी करें स्थलीय निरीक्षण

गुवाहाटी, 11 नवंबर (हि.स.)। दरंग जिले के धूला में पिछले दिनों आरती तुरी नामक घरेलू काम करने वाली युवती की हत्या को लेकर लगातार हो रही गिरफ्तारियों पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने जनता भवन (असम सचिवालय) में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुझे सूचित किया गया कि धूला मामले में पुलिस की जांच अच्छी नहीं थी। इसके बाद मैं लड़की के घर गया। आरोपित ने स्वयं ही लड़की के गले से फंदे को हटाया दिया था। मेरे सवालों का जवाब पुलिस अधीक्षक ठीक से नहीं दे सके थे। सीआईडी में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया था। अब तक एसपी, एएसपी, थानाध्यक्ष, सर्किल अधिकारी और तीन अन्य को गिरफ्तार किया गया है।

सीआईडी जांच में नए पहलुओं के सामने आने की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि इस जांच प्रक्रिया की बात इसलिए की गई है, क्योंकि यह एक वैज्ञानिक जांच है। शव को कब्र से बाहर निकालकर इस तरह से दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की घटना इस समय उल्लेखनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटना होने पर एसपी और डीआईजी को स्वयं ही मौके पर जाना होगा। एसपी को पिछले एक साल में हुई ऐसी घटनाओं की फिर से जांच करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर एसपी विफल होते हैं तो डीआईजी इसकी जांच करेंगे।