गुजरात चुनाव : आप ने इसुदान गढ़वी को घोषित किया मुख्यमंत्री का चेहरा

– पार्टी के सर्वे में 16.48 लाख मतदाताओं में से 73 फीसदी ने गढ़वी को किया पसंद

-केजरीवाल का दावा, गुजरात में बनेगी उनकी पार्टी की सरकार

अहमदाबाद, 4 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को अपनी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया। पार्टी ने अपने सर्वे में 16.48 लाख लोगों में से गढ़वी को 73 फीसदी लोगों की पसंद होने का दावा किया है। शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अहमदाबाद में इसकी घोषणा की।

इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि पार्टी सिर्फ अपने मुख्यमंत्री का चहेरा ही नहीं घोषित कर रही है, बल्कि राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने दावा कि राज्य की अगली सरकार आम आदमी पार्टी की बनेगी। केजरीवाल की घोषणा के बाद हॉल में मौजूद आम आदमी पार्टी नेता इसुदान गढ़वी ने अपनी माता का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसुदान की माता ने जय मोगल माता, जय द्वारकाधीश का जयघोष कर आशीर्वाद दिया। मंच पर इसुदान की पत्नी हिरल गढ़वी समेत परिवार के अन्य सदस्यों अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज गुजरात के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है। गुजरात में 27 वर्ष तक कोई तीसरा विकल्प नहीं था। आज गुजरात परिवर्तन की ओर जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आपस में संबंध था। आज लोगों को नया विकल्प मिला है। आम आदमी पार्टी नई पार्टी है, नया इंजन है। हम एसी रूम में बैठकर यह तय नहीं करते कि कौन मुख्यमंत्री होगा। पंजाब की जनता ने मुख्यमंत्री का उम्मीदवार तय किया है। अब गुजरात में लग रहा है कि आम आदमी पार्टी आ रही है। केजरीवाल ने दावा किया कि गुजरात में सभी सर्वे गलत साबित होंगे और आप की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सर्वे में 16.48 लाख लोगों ने सर्वे में भाग लिया और इसमें से 73 फीसदी लोगों ने इसुदान गढवी को पसंद किया।

इस माैके पर इसुदान गढ़वी ने कहा कि राजनीति उनका शौक नहीं, बल्कि उनकी मजबूरी है। केजरीवाल की राजनीति ने पूरी तासीर बदल दी है। उन्होंने इतनी बड़ी जवाबदारी का अहसास कराया है। मुझे कुछ नहीं चाहिए, लेकिन ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि गुजरात के लोगों के लिए कुछ कर सकूं। मैं कर्म के सिद्धांत को मानने वाला व्यक्ति हूं। केजरीवाल का फोन आया कि इसुदान तुम राजनीति में आ जाओ और सिस्टम का भाग बनो। गुजरात की जनता की पीड़ा वे नहीं देख सकते हैं। वे किसानों और बेरोजगारों की आवाज बनने की कोशिश करेंगे।

पत्रकारिता से राजनीति में आने तक का गढ़वी का सफर

इसुदान गढ़वी का जन्म 10 जनवरी, 1982 को मूल देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया के पिपलिया में हुआ था। उनकी पढ़ाई जामनगर के कॉलेज में हुई और इसके बाद वे अहमदबाद आकर पत्रकारिता से जुड़ गए थे। गुजरात विद्यापीठ से भी उन्होंने पढ़ाई की। गुजरात टीवी चैनल के पत्रकार, संपादक के रूप में इसुदान गढ़वी ने काम किया। गुजराती टीवी चैनल के महामंथन नाम के टीवी शो से उनकी पहचान बनी। वे घर-घर में जाना जाने लगे। महामंथन में किसानों, मध्यवर्ग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा आयोजित की जाती थी। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में इसुदान के फैन और फॉलोवर्स बढ़ने लगे। इसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी में शामिल होकर अपना राजनीति का कैरियर शुरू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *