उपराष्ट्रपति पहुंचे नाथद्वारा, विश्वास स्वरूपम भी गए

राजसमंद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मंगलवार को अपराह्न नाथद्वारा पहुंचे और उन्होंने श्रीनाथजी के दर्शन किए। इसके बाद वे शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम’ भी गए। उनके साथ राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी भी थे।

श्रीनाथजी के दर्शन बाद पद्म परिसर स्थित ‘विश्वास स्वरूपम’ शिव प्रतिमा का अवलोकन करने पहुंचने पर उपराष्ट्रपति धनखड़ का संत कृपा सनातन संस्थान के प्रमुख ट्रस्टी एवं इस 369 फीट ऊंची शिव प्रतिमा की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाने वाले मदन पालीवाल ने अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि प्रतिमा के लोकार्पण पर होने वाली कथा सार्थक हो और इसका सभी को लाभ मिले, इसकी वे कामना करते हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में डॉ. जोशी ने उत्कर्ष मापदंड स्थापित किए हैं। संक्षिप्त उद्बोधन के बाद उपराष्ट्रपति उदयपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।

उल्लेखनीय है कि भगवान शिव की 369 फीट ऊंची प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम’ का लोकार्पण 29 अक्टूबर को होने जा रहा है। इस प्रतिमा का शिलान्यास 18 अगस्त 2012 को हुआ था। 30 अक्टूबर से मुरारी बापू राम कथा करेंगे जो 6 नवम्बर तक चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *