03HNAT24 मुंबई: गरबा खेलने के दौरान हार्ट अटैक से युवक की मौत, खबर सुन सदमे में पिता भी चल बसा
मुंबई 03 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई से विरार शहर स्थित ग्लोबल सिटी क्षेत्र में गरबा खेलते वक्त अचानक हार्ट अटैक से युवक मनीष की मौत हो गई। यह खबर सुनते ही सदमे से युवक के पिता नरपत की भी मौत हो गई। बाप-बेटे की अचानक मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जांच अर्नाला सागर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
पुलिस के अनुसार मनीष नरपत जैन रविवार रात में ग्लोबल सिटी क्षेत्र में अपने आवास के प्रांगण में गरबा खेल रहे थे। देर रात अचानक उनके सीने में दर्द उठा और उन्हें तत्काल विरार के संजीवनी अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनकर उसके पिता नरपत जैन को भी सदमे से दिल का दौरा पड़ा और वह मौके पर ही गिर गए। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से हड़कंप मच गया। घटना की रिपोर्ट अरनाला सागर थाने में दर्ज कराई गई है। एक ही दिन परिवार के दो सदस्यों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत पर दुख व्यक्त किया जा रहा है।