Gautam Adani:कुछ घंटे ही रईसों की सूची में दूसरे नंबर पर रहे गौतम अडाणी, फिर तीसरे पायदान पर पहुंचे

– अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर प्राइस में आई गिरावट से अमीरों की सूची में हुआ उलटफेर

नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। एशिया और भारत के सबसे अमीर कारोबारी गौतम अडाणी आज कुछ घंटे के लिए दुनिया के दूसरे सबसे बड़े अमीर बने। कुछ ही देर बाद घरेलू शेयर बाजार में अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर प्राइस में आई कमी के कारण वे फिर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में वापस तीसरे स्थान पर पहुंच गए।

फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर की ताजा सूची के मुताबिक गौतम अडाणी 152.6 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट और उनका परिवार 154.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में दूसरे स्थान पर और अमेरिकी उद्योगपति और टेस्ला के हेड एलन मस्क 273.5 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में पहले स्थान पर हैं। एक दिन पहले तक इस सूची में दूसरे स्थान पर रहे ऐमेज़ॉन के जेफ बेजॉस 149.7 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर लुढ़क गए हैं।

घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को करीब 0.7 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 412.96 अंक और निफ्टी 126.35 अंक गिरकर बंद हुआ था। इस गिरावट के बावजूद अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तेजी दर्ज की थी। इस तेजी की वजह से अडाणी ग्रुप की कंपनियों के मार्केट शेयर में उछाल आने के साथ ही अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में भी करीब 4.02 अरब डॉलर का इजाफा हुआ था। इस कारण शुक्रवार की सुबह गौतम अडाणी दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में बर्नार्ड अरनॉल्ट और जेफ बेजॉस को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

शायद दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में दूसरे स्थान पर लंबे समय तक रहना गौतम अडाणी की किस्मत में नहीं था। आज भारतीय शेयर बाजार के कारोबार में हुई जोरदार उठापटक के कारण गौतम अडाणी ग्रुप के कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट का रुख बना। खासकर दोपहर 12 बजे के बाद ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इस वजह से गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति भी घटकर 152.6 अरब डॉलर के स्तर पर आ गई।

इस तरह से दोपहर 12 बजे तक गौतम अडाणी से एक पायदान पीछे चल रहे बर्नार्ड अरनॉल्ट और उनके परिवार ने अडाणी को पीछे छोड़ कर दुनिया के सबसे बड़े रईसों की सूची में दूसरे स्थान पर अपना कब्जा कर लिया। हालांकि गौतम अडाणी और बर्नार्ड अरनॉल्ट की संपत्ति में सिर्फ 1.6 अरब डॉलर का अंतर है। अडाणी ग्रुप की कंपनियों ने पिछले कुछ समय से शानदार प्रदर्शन किया है। इस कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में गौतम अडाणी दोबारा बर्नार्ड अरनॉल्ट परिवार को पीछे छोड़कर दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में दूसरे स्थान पर मजबूती के साथ अपना कब्जा कर लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *