BJP:भाजपा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित करेगी सेवा पखवाड़ा

-सेवा कार्यों में शामिल होंगे भाजपा के 45 लाख पदाधिकारी

गुवाहाटी, 16 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश भर के साथ-साथ असम में एक व्यापक कार्यक्रम के साथ 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के कार्यान्वयन की तैयारी पूरी कर ली है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने शुक्रवार को यहां प्रदेश पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सेवा पखवाड़े के लिए पार्टी के विस्तृत कार्यक्रमों के बारे में बताया।

ज्ञात हो कि हर साल पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जयंती 17 सितम्बर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक यह कार्यक्रम करती आ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, असम सरकार में भाजपा के सभी मंत्री, विधायक, सांसद और प्रदेश पदाधिकारी, भाजपा के 45 लाख कार्यकर्ता सेवा कार्यक्रम के इस चरण में सीधे शामिल होंगे।

आज के संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश महासचिव दीप्लू रंजन शर्मा, राज्यसभा सांसद और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव पवित्र मार्घेरिटा और पार्टी के प्रदेश समाचार विभाग के संयोजक देवान ध्रुवज्योति मरल भी शामिल हुए।

अध्यक्ष कलिता के अनुसार 17 सितम्बर से रक्तदान कार्यक्रम शुरू होगा। 18-19 सितम्बर को स्वच्छता अभियान, 20-21 सितम्बर को कोरोना टीकाकरण केंद्र और अस्पतालों में पार्टी कार्यकर्ता सेवा कार्यक्रम आयोजित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के हर जिला अल्पसंख्यक मोर्चा की पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 22, 23 और 24 सितम्बर को अनुसूचित जाति मोर्चा, चाय जनगोष्ठी मोर्चा और चिकित्सा प्रकोष्ठ की पहल पर प्रत्येक जिला के प्रत्येक मंडल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।

पार्टी की महिला मोर्चा की पहल पर 25 और 26 सितम्बर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में पार्टी के प्रत्येक बूथ पर उनके चित्र को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ अनुभवी वक्ताओं के माध्यम से पार्टी की विचारधारा पर व्याख्यान दिए जाएंगे। इसके समानांतर, प्रत्येक बूथ में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पार्टी 29 और 30 सितम्बर को हर जिला में प्रबुद्ध व्यक्तियों के सम्मेलन आयोजित कर उन्हें सम्मानित करेगी और पार्टी के सिद्धांतों पर चर्चा करेगी।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा “जल-ही-जीवन” के मंत्र को सफल बनाने के लिए 1 अक्टूबर को बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जल संरक्षण के बारे में जानकारी देंगे।

भाजपा के वाणिज्यिक कोष और कौशल विकास कोष की पहल पर पार्टी की सभी जिला कमेटी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाएगी। गांधी जयंती के मौके पर भाजपा गांधीजी के लक्ष्य स्वदेशी, खादी, आम जीवन और स्वच्छता पर एक व्यापक अभियान शुरू करेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान का समर्थन करते हुए स्थानीय उत्पादकों, व्यवसायियों को उत्साहित और सम्मानित करने के लिए जिला और मंडल स्तर के पार्टी के पदाधिकारी एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेंगे। साथ ही सभी जिलों में दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग और टीबी रोगियों के एक साल के इलाज के लिए मरीजों की सूची तैयार करने व उनके पोषण कर्तव्यों को भी 2 अक्टूबर को लागू करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *