उत्तराखंड : भाजयुमो अध्यक्ष के स्वागत समारोह में हुआ धमाका, अध्यक्ष और महामंत्री घायल

देहरादून, 07 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के स्वागत कार्यक्रम के दौरान बड़ा धमाका हो गया। यह धमाका गुब्बारे में गैस भरते समय हुआ। इससे स्वागत समारोह में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना से पुलिस भी सकते में आ गई। इसमें मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष और महामंत्री सहित कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटनास्थल को सील कर जांच में जुटी हुई है।

बुधवार को दोपहर बाद लॉर्ड वेंकटेश्वर हाल में (उत्तराखंड सचिवालय के समीप) भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष शशांक रावत के सम्मान में एक स्वागत समारोह किया गया था। इसी दौरान गुब्बारे में गैस भरते समय बड़ा धमाका हो गया। यह धमाका गैस सिलेंडर में होना बताया जा रहा है। इस घटना से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद पुलिस के भी हाथ-पैर फूल गए। इसके बाद पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल को सील कर दिया।

सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने वहां पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही समारोह स्थल की वस्तुओं को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। रैली से पूर्व हुए हादसे के बाद बुधवार को होने वाले आयोजन को स्थगित कर दिया गया है।

इसमें प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत और महानगर अध्यक्ष अंशुल चावला सहित कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को कोरोनेशन अस्पताल में ले भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत ठीक बतायी जा रही है। विस्तृत खबर की प्रतीक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *