झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में दिखा जुबानी घमासान

 हंगामेदार रहा झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र

रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में पिछले कई दिनों से जारी सियासी उथल-पुथल के बीच हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने सोमवार को विधानसभा के विशेष सत्र में एक बार फिर विश्वास मत हासिल किया है। सदन में सरकार के पक्ष में 48 मत पड़े। इस मौके पर भाजपा सदन से वॉकआउट कर गई। इससे सदन के बाहर से ही विपक्षी भाजपा विधायकों ने आक्रामक रुक अपनाया। सदन के बाहर सख्त रुख दिखाने वाले भाजपा विधायकों ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू कर दिया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जैसे ही विश्वास मत के प्रस्ताव पर बोलना शुरू किया तभी भाजपा विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के बीच ही मुख्यमंत्री ने सदन में विश्वास प्रस्ताव रखा। इसके बाद भी सदन में हंगामे की स्थिति बनी रही। विपक्ष दुमका में लड़की जिंदा जलाने और दुष्कर्म की घटनाओं के माध्यम से सरकार को घेरा। हालांकि, सरकार की ओर से इसका जवाब दिया गया। करीब ढाई घंटे चले सत्र में लगातार हंगामा होता रहा। इसके साथ ही विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर गंभीर नहीं हेमंत सरकार: सरयू राय

विधायक सरयू राय ने कहा कि सदन में मुख्यमंत्री को कोई भी प्रस्ताव लाने का अधिकार है। जब सरकार बनी थी तो मेरे अलावा कई लोगों ने सरकार में अपना विश्वास जताया था। सदन में जितने भी प्रस्ताव मैंने लाए एक भी प्रस्ताव पर सरकार के अधिकारी ने कार्रवाई नहीं की। सदन में आखिर विश्वास प्रस्ताव क्यों रखा गया ये सवाल मेरे भी मन में है। उन्होंने कहा कि पता नहीं सदन की कार्यवाही के बाद यूपीए के विधायक कहां जाएंगे। इसपर मंत्री बन्ना गुप्ता ने नाराजगी जतायी तो दोनों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई। सरयू राय ने कहा कि आप चुप रहिए आप एक भ्रष्ट मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि आप अपनी मर्जी से काम करते हैं और सरकार आप पर कोई कार्रवाई नहीं करती। सरयू राय ने कहा कि सरकार के पास अपार बहुमत है। गिरने का सवाल ही नहीं है। सरकार को भ्रष्ट लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। यूपीए के तीन विधायक आज कोलकाता हैं। आज तीन हैं कल तेरह हो सकते हैं।

सरयू राय ने कहा कि मंत्री अपने भ्रष्ट आचरण का प्रमाण दे रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इस पर बन्ना गुप्ता ने कहा कि सरयू राय ने उन्हें भ्रष्ट मंत्री कहा है। स्पीकर उन्हें प्रोसीडिंग से निकलवा दें। सरयू राय के खिलाफ अवमानना का मामला चलाएं। साथ ही बन्ना गुप्ता ने सरयू राय को चुनौती देते हुए कहा कि वे उनके खिलाफ सबूत दें।

यूपीए को अपने विधायकों पर ही विश्वास नहीं: सुदेश महतो

आजसू नेता सुदेश महतो ने सदन में कहा कि सत्तापक्ष जो बहुमत साबित कर रही है, वो गलत है। किसी ने उनसे बहुमत साबित करने को कहा ही नहीं है। शायद यूपीए को अपने विधायकों पर विश्वास नहीं है। उन्हीं का विश्वास शायद जीतने की कोशिश हो रही है, जो आत्मविश्वास सदन में 2019 में जीत कर आने के बाद यूपीए के विधायकों में थी, वो आज बिल्कुल नहीं दिख रही है। अपनी सरकार में विश्वास जीतने के लिए अपनी ही सरकार राज्य से बाहर नहीं जाती।

भाजपा नेता राजनीतिक षडयंत्र रच रहे हैं: दीपिका सिंह

कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय ने कहा कि केंद्र और राज्य के भाजपा नेता राजनीतिक षडयंत्र कर रहे हैं। हमलोग शर्मिंदा हैं कि झारखंड में जितनी बच्चियों के साथ अन्याय हुआ भाजपा का कोई नेता उन्हें देखने नहीं गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भर्ती चतरा की बेटी को क्या दिल्ली में हमेशा रहने वाले सांसद निशिकांत दुबे उनसे मिलने गए। इस पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वो सभी से मिलने गए थे, तो मजाकिया अंदाज में दीपिका ने कहा कि माफ कीजिएगा सदन ने अभी तक बाबूलाल को भाजपा के नेता का दर्जा नहीं दिया है, वो सवाल भाजपा के विधायक से सवाल कर रही थीं।

दीपिका पांडेय ने कहा कि महिलाओं के मुद्दे को राजनीतिक बनाना गलत है। महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को प्रशासनिक तरीके से सुलझाना होगा, जो भी ऐसा अपराध करता है, उसे सजा मिले। मुझे अपनी सरकार पर पूरा भरोसा है।

विधायकों को खरीदना चाहती है भाजपा : प्रदीप यादव

विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के विश्वास प्रस्ताव का मैं समर्थन करता हूं। 2019 के बाद चार बार उपचुनाव हुए। हर बार यूपीए की जीत हुई, इसलिए भाजपा डरी हुई है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि विधायकों को खरीदना चाहती है। 2014 गवाह है कि कैसे झारखंड विकास मोर्चा के विधायकों को भाजपा ने खरीदा। इस बात के और कोई नहीं बल्कि बाबूलाल मरांडी गवाह हैं। इसका प्रमाण मेरे पास है।

प्रदीप यादव किस पार्टी की ओर से बोल रहे : रणधीर सिंह

इससे पहले प्रदीप यादव बोलने के लिए खड़े हुए तो भाजपा विधायक रणधीर सिंह ने इसका विरोध किया। रणधीर सिंह ने कहा कि प्रदीप यादव किस पार्टी की ओर से सदन में अपनी बात रख रहे हैं यह स्पीकर को स्पष्ट करना चाहिए।

हेमंत है तो हिम्मत है, हेमंत है तो हमें विश्वास: सुदिव्य सोनू

विधायक सुदिव्य सोनू ने कहा कि विश्वास मत के प्रस्ताव का विरोध करने वाले लोगों को जनता के मैनडेट पर भरोसा नहीं है। 2019 में झारखंड की जनता ने ये वादा किया था कि हेमंत है तो हिम्मत है। हेमंत है तो हमें विश्वास है। हमें विश्वास है कि झारखंड की हर बेटी के घाव में हेमंत मरहम लगाएंगे। झारखंड की जनता बड़ी गौर से देख रही है। भाजपा आदिवासी मुख्यमंत्री बर्दाश्त नहीं कर पा रही है, इसलिए सरकार को अपदस्थ करने की लगातार कोशिशें हो रही हैं।

सरकार अपनी कमजोरियों को छिपाने की कोशिश कर रही : नीलकंठ सिंह मुंडा

भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि अपनी कमजोरियों को सरकार छिपाने की कोशिश कर रही है। दुमका में झारखंड की बेटी की हत्या कर दी जा रही है और सरकार नौका विहार कर रही है। रायपुर में रिसॉर्ट में ठहर रही है। गरीब आदिवासी लड़की के घर पर बुलडोजर चला दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *