झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र, मुख्यमंत्री ने कहा, विश्वास प्रस्ताव लाने की वजह भाजपा

रांची, 5 सितंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र सोमवार को शुरू हो गया है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जैसे ही विश्वास मत के प्रस्ताव पर बोलना शुरू किया तभी भाजपा विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया है।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया। विश्वास मत के प्रस्ताव पर हेमंत सोरेन ने सदन में कहा कि विश्वास प्रस्ताव लाने की वजह भाजपा है। जिस राज्य में भाजपा की सरकार नहीं होती है, वहां भाजपा की तरफ से गृहयुद्ध जैसा माहौल बना दिया जाता है। इसलिए यूपीए गठबंधन को विश्वास प्रस्ताव लाना पड़ा है।

उल्लेखनीय है कि सदन की कार्यवाही शुरू होने के पहले सुबह करीब झारखंड मुक्ति मोर्चा कोटे के मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद सर्किट हाउस पहुंचे। सर्किट हाउस में ही यूपीए के तमाम विधायकों को रायपुर से रांची लाने के बाद रखा गया था। यहां से विधायक बस में सवार होकर करीब 11 बजे विधानसभा पहुंचे। बताया जाता है कि पहली बार यूपीए के विधायकों ने सामान्य गेट से प्रवेश न लेकर उस गेट से अंदर गए जो मुख्यमंत्री के लिए इस्तेमाल होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *