हमारा ध्यान 2022-23 एफआईएच हॉकी प्रो लीग मैचों पर : सुरेंदर कुमार

बेंगलुरु, 3 सितंबर (हि.स.)। बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक रजत पदक जीतने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम ओडिशा के भुवनेश्वर में 2022-23 एफआईएच हॉकी प्रो लीग मैचों पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही है।

बर्मिंघम 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स पर भारतीय डिफेंडर सुरेंद्र कुमार ने कहा, “हमने बर्मिंघम 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल मिलाकर अच्छा खेला, मुझे लगता है कि यह और अच्छा होता अगर हम फाइनल में भी जीत हासिल करते।”

भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 0-7 से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन अब जबकि उक्त चीजें अतीत में है, सुरेंदर और कंपनी फिर से नीली जर्सी पहनने और टीम को जीत की पटरी पर लाने को इच्छुक है

सुरेंदर ने कहा, “हमने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में कुछ गलतियाँ कीं और हम अपनी योजनाओं को ठीक से क्रियान्वित नहीं कर सके। अब इस कैंप में हम फाइनल में की गई उन गलतियों पर ध्यान देंगे और उन पर काम करने की कोशिश करेंगे ताकि आगे चलकर हम ऐसी गलतियां न करें।”

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के अगले एजेंडे में न्यूजीलैंड और स्पेन के खिलाफ 2022-23 एफआईएच हॉकी प्रो लीग खेल होंगे।

सुरेंदर ने कहा, “ हम अब न्यूजीलैंड और स्पेन के खिलाफ 2022-23 एफआईएच हॉकी प्रो लीग के खेल पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हमें कड़ी मेहनत करनी होगी और शिविर में अब अपनी गलतियों को सुधारना होगा ताकि गलतियां दोबारा न हों।”

उन्होंने कहा, “टीम और कोच एक साथ शिविर में बैठेंगे और वीडियो के साथ चीजों का विश्लेषण करेंगे, जिसके जरिए हम अपनी योजनाओं में सुधार करना चाहते हैं।”

भारत के लिए 165 मैच खेल चुके सुरेंदर टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे और अगले दौर के खेलों में फिर से उल्लेखनीय योगदान देने की उम्मीद करते हैं।

उन्होंने कहा, “2022-23 एफआईएच हॉकी प्रो लीग के लिए लक्ष्य यह है कि, व्यक्तिगत रूप से, मैं यथासंभव कम गलतियाँ करने की उम्मीद करता हूँ और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता हूं। एक टीम के रूप में, हम अच्छा प्रदर्शन करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे और 2022-23 एफआईएच हॉकी प्रो लीग में अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेलेंगे ताकि हम वांछित परिणाम प्राप्त कर सकें।”

भारतीय पुरुष हॉकी टीम न्यूजीलैंड और स्पेन के खिलाफ एफआईएच हॉकी प्रो लीग मैच 28 अक्टूबर से 6 नवंबर तक खेलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *