भारत के राष्‍ट्रपति, उप-राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने पर श्रीशंकर को बधाई दी

नई दिल्ली,5 अगस्त : राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में लम्‍बी कूद में रजत पदक जीतने पर श्रीशंकर को बधाई दी है। श्रीमती मुर्मू ने ट्वीट में कहा है कि उनकी लम्‍बी छलांग ने राष्‍ट्रमंडल खेलों की इस स्‍पर्धा में भारत को पहला पदक दिलाया है। उन्‍होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।

उप-राष्‍ट्रपति एम. वेंकैया नायडु ने राष्‍ट्रमंडल खेलों की लंबी कूद प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने पर श्रीशंकर मुरली को बधाई दी है। एक ट्वीट में श्री नायडु ने कहा कि श्रीशंकर मुरली ने बढिया प्रदर्शन किया और भारत को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है। उन्‍होंने आशा व्यक्त की कि वह देश के लिए और पदक जीतेंगे।
श्री नायडु ने राष्‍ट्रमंडल खेलों की पैरालिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्‍वर्ण पदक जीतने पर सुधीर को बधाई दी है। उन्‍होंने कहा कि यह पदक उनके कठिन परिश्रम और समर्पण का नतीजा है। उन्‍होंने कहा कि उनकी यह जीत सभी भारतीयों को प्रोत्‍साहित करती है। उन्‍होंने भविष्‍य के लिए उनको शुभकामनाएं दी।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में लम्‍बी कूद मुकाबले में रजत पदक जीतने पर एम श्रीशंकर को बधाई दी है। श्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि राष्‍ट्रमंडल खेलों में श्रीशंकर का पदक विशेष है। उन्‍होंने कहा कि कई दशकों के बाद भारत को राष्‍ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की लम्‍बी कूद स्‍पर्धा में पदक मिला है।
श्री मोदी ने स्‍वर्ण पदक जीतने पर सुधीर को भी बधाई दी है। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्रमंडल खेल 2022 के पैरा खेल में पदक जीतकर सुधीर ने भारत के लिए अच्‍छी शुरूआत की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सुधीर का स्‍वर्ण पदक जीतना उनके समर्पण और दृढ संकल्‍प को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने अगले मुकाबलों के लिए सुधीर को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *