Sri Lanka:(अपडेट) श्रीलंका: प्रधानमंत्री कार्यालय पर कब्जा, सरकारी टीवी का प्रसारण रुका

कोलंबो, 13 जुलाई (हि.स.)। श्रीलंका में हालात बेकाबू हो चुके हैं। लगातार खराब होती स्थिति के चलते पश्चिमी प्रांत में कर्फ्यू लगाने और पूरे देश में आपातकाल लागू कर दिया गया है। इस बीच आंदोलनकारियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय पर कब्जा कर लिया है। गुस्साए लोगों ने सरकारी टीवी चैनल को घेर कर उसका प्रसारण रुकवा दिया है।

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक श्रीलंका में आर्थिक संकट और राजनीतिक संकट गहराने के साथ ही स्थितियां भयावह व बेकाबू होती जा रही हैं। प्रदर्शनकारी सड़कों पर बेखौफ घूम रहे हैं। जनता द्वारा राष्ट्रपति भवन पर कब्जे के बाद बेदखल हुए राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे बुधवार सुबह कोलंबो से मालदीव भाग गए हैं। उन्होंने बुधवार को ही राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने की बात भी कही थी। राष्ट्रपति के देश छोड़ने की खबरों से प्रदर्शनकारी फिर से भड़क गए हैं। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी संसद व प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंच गए हैं। सेना व प्रदर्शनकारी आमने-सामने हैं। इस बीच श्रीलंका में आपातकाल लागू कर दिया गया है।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री कार्यालय पर प्रदर्शनकारियों ने कब्जा कर लिया है। प्रदर्शनकारी परिसर के अंदर घुस गए हैं और कार्यालय की छत पर श्रीलंका का झंडा लहरा रहे हैं। इस बीच श्रीलंका के राष्ट्रीय टीवी चैनल रूपवाहिनी कॉरपोरेशन को भी प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया है। इस कारण प्रसारण रोक दिया गया है। संकट के बीच अमेरिकी दूतावास ने श्रीलंका में दो दिन के लिए अपनी सेवाएं बंद कर दी हैं। प्रदर्शनकारियों पर नियंत्रण के लिए सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। बड़ी संख्या में पुलिस और सेना के जवानों को तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों पर लगातार आंसू गैस के गोले दागे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *