Uddhav Thakare :उद्धव ठाकरे ने भाजपा को ढाई-ढाई साल के फार्मूले की याद दिलाई

– अगर अमित शाह वादा निभाते तो आज महाराष्ट्र में भाजपा का सीएम होता

मुंबई, 01 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की सरकार बनने के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भाजपा को ढाई-ढाई साल के फार्मूले की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि अगर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुझे दिया हुआ वादा निभाते तो आज राज्य में भाजपा का सीएम होता। साथ ही न कभी भी महाविकास गठबंधन बनाने की नौबत नहीं आती और न मुझे नाहक मुख्यमंत्री बनना पड़ता।

महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के एक दिन बाद पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि महाराष्ट्र में नई सरकार बनी और मैंने बधाई भी दी लेकिन प्रचारित किया जा रहा है कि शिवसेना का सीएम बना है, जो पूरी तरह से गलत है। शिवसेना का सीएम शिवसेना के बिना नहीं बन सकता था। उन्होंने कहा कि राज्य में पिछला चुनाव भाजपा और शिवसेना ने मिलकर लड़ा था और चुनाव के बाद अमित शाह के साथ ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला बना था, जिसे बाद में इंकार कर दिया गया। इसके बाद भाजपा अलग रास्ता तलाशने लगी, जिससे महाविकास गठबंधन बनाना पड़ा था।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के बाद तत्काल कांजुर मेट्रो कारशेड योजना को स्थगित करने तथा गोरेगांव की आरे कालोनी में मेट्रो कारशेड बनाने का निर्णय लिया गया है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि आरे कालोनी के जंगलों से ही मुंबई को ऑक्सीजन मिलता है। आरे कालोनी में रातोरात पेड़ों की कटाई की गई थी, जंगल ध्वस्त कर दिया गया था। इसी वजह से उन्होंने पर्यावरण की दृष्टि से आरे जंगल का संरक्षण करते हुए कांजुर मेट्रो कारशेड का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि जिसे उनसे बदला लेना हो बेशक लें, लेकिन मुंबई का पर्यावरण नष्ट न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *