Pandit Sukh Ram: वरिष्ठ नेता पंडित सुखराम के निधन पर कांग्रेस ने जताया दुख

नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री पंडित सुखराम के निधन पर कांग्रेस ने दुख प्रकट किया है।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि पंडित सुखराम के निधन की खबर सुन गहरा आघात हुआ। उनका सरल स्वभाव, मिलनसार छवि, कड़ी मेहनत का जज्बा व जमीनी कार्यकर्ता से जुड़ाव, अगली पीढ़ी के लिए सदैव एक मार्गदर्शक रहेगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंडित सुखराम के निधन से कांग्रेस परिवार को गहरा आघात लगा है। कांग्रेस परिवार की तरफ से उन्होंने परिजनों व प्रियजनों के प्रति शोक संवेदनाएं प्रकट की।

उल्लेखनीय है पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम का मंगलवार देर रात दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना उनके पोते आश्रय शर्मा ने फेसबुक पोस्ट पर दी। पंडित सुखराम को कुछ दिनों पूर्व ब्रेन स्ट्रोक की शिकायत के चलते हिमाचल प्रदेश से एयरलिफ्ट कर दिल्ली एम्स लाया गया था। यहां विशेषज्ञों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।

एम्स सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंडित सुखराम का मंगलवार देर रात निधन हो गया।

पंडित सुखराम वर्ष 1993-96 तक केंद्रीय संचार राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रहे। वह हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सदस्य रहे। अपने जीवन काल में वह 5 बार विधायक रहे और तीन बार लोकसभा सांसद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *