BJP : भाजपा नेता बग्गा को ले जा रही पंजाब पुलिस को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र से वापस भेजा

चंड़ीगढ़, 06 मई (हि.स.)। भाजपा नेता तेजिंदर बग्गा को शुक्रवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर पंजाब ले जा रही पंजाब पुलिस को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया। कुरुक्षेत्र से पंजाब पुलिस को आगे नहीं बढ़ने दिया गया। हरियाणा पुलिस ने भाजपा नेता बग्गा को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस कुरुक्षेत्र से बग्गा को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है।

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ बग्गा को अगवा करने का मामला दर्ज किया है। आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विरुद्ध बयान देने के आरोप में तेजिंदर बग्गा के खिलाफ मोहाली में मामला दर्ज किया गया है। पंजाब पुलिस ने इस मामले में बग्गा को गिरफ्तार किया है।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दोनों राज्यों की पुलिस में तकरार हुई। कुरुक्षेत्र पुलिस बग्गा और पंजाब पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को पिपली थाने ले गई। वहां बातचीत हुई। भाजपा नेताओं ने बग्गा की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया है।

मोहाली के एसएसपी ने कुरुक्षेत्र के एसपी लिखित सूचित किया कि बग्गा की गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की गई है। बग्गा को पंजाब पुलिस द्वारा पांच नोटिस भेजे हैं। वह किसी भी नोटिस पर पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुए। इसलिए उनकी गिरफ्तारी की गई।

पंजाब पुलिस द्वारा बग्गा के विरुद्ध 01 अप्रैल को पीएस पंजाब स्टेट साइबर क्राइम मोहाली में हिंसा भड़काने, धमकी देने एवं सोशल मीडिया पर झूठा बयान प्रकाशित करने के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *