Swasth Bharat : स्वस्थ भारत न्यास करेगा देश के तीन उत्कृष्ट स्वास्थ्य संस्थानों को सम्मानित

नई दिल्ली, 03 मई (हि.स.)। स्वस्थ भारत (न्यास) ने देश की दूसरी महिला स्वास्थ्य मंत्री के नाम पर सुशीला नायर स्वस्थ भारत उत्कृष्टता सम्मान दिए जाने की घोषणा की है। इस वर्ष यह सम्मान देश के तीन उत्कृष्ट स्वास्थ्य संस्थानों को दिया जा रहा है जिसमें कर्नाटक हेल्थ इंस्टीट्यूट, बेलगाम, महाराष्ट्र की कस्तूरबा हेल्थ सोसायटी, वर्धा और मध्य प्रदेश का विराट हॉस्पिलस, जबलपुर शामिल है। इसके साथ 26 लोगों को स्वस्थ भारत सारथी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा स्वस्थ भारत यात्रा में शामिल रहे 12 यात्रियों को स्वस्थ भारत यात्री सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में एडवोकेसी का काम कर रही संस्था स्वस्थ भारत (न्यास) आगामी 7-8 मई को अपना सातवां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर ‘स्वस्थ भारत के निर्माण में भारतीय स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र की भूमिका विशेष संदर्भ कोविड-काल’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय स्वास्थ्य चिंतन शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर स्वस्थ भारत (न्यास) की ओर से आयोजित स्वस्थ भारत यात्रा में शामिल रहे यात्रियों को स्वस्थ भारत यात्री सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रसून लतांत, (दिल्ली), डॉ. सोम शेखर(उत्तराखंड), कुमार कृष्णन( बिहार), प्रियंका( बिहार), संतोष कुमार सिंह( दिल्ली), संभू कुमार( झारखंड), विनोद रोहिल्ला( हरियाणा), पवन कुमार(हरियाणा), धर्मेन्द्र उपाध्याय( बिहार), विवेक कुमार शर्मा( उत्तर प्रदेश), आशुतोष कुमार सिंह( बिहार) और स्व. अशोक प्रियदर्शी (मरणोपरांत) शामिल हैं।

दो दिन तक चलने वाले इस स्वास्थ्य अमृत चिंतन शिविर के अलग-अलग सत्रों में देश के विभिन्न कोनों से विशिष्ट वक्ता आ रहे हैं। उद्घाटन सत्र में जहां एस्ट्रो गुरु पवन सिन्हा, पद्मश्री मालिनी अवस्थी का सानिध्य मिलेगा वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के संयुक्त निदेशक डॉ.जे.एल.मीणा, पद्मश्री रामबहादुर राय का सानिध्य प्राप्त होगा।

प्रथम दिवस में जहां एक ओर स्वस्थ भारत के निर्माण में आयुष की भूमिका, सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की प्रगति, मानसिक स्वास्थ्य कि स्थिति, पोषण की जरूरत, जनऔषधि की भूमिका विषयक चर्चा तो होगी ही साथ ही शाम को रंगा-रंग कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायिका सीमा तिवारी, वरिष्ठ शास्त्रीय गायिका सुमिता दत्ता, बॉलीवुड गायक-अभिनेता अमरेन्द्र शर्मा, प्रसिद्ध संगीतकार एवं गायक सरोज सुमन, मशहूर हास्य कवि दीपक सैनी, अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्यांगना अनु सिन्हा, उभरती लोक गायिका अनु श्री एवं अदिति का भरत-नाट्यम की प्रस्तुति होगी। इस सत्र में प्रसिद्ध लोकगायिका विजया भारती का विशेष सानिध्य भी प्राप्त होगा।

गौरतलब है कि स्वस्थ भारत (न्यास) अपने स्थापना काल से ही भारत में स्वास्थ्य जागरूकता का ध्वजवाहक बना हुआ है। अब तक दो बार अलग-अलग विषयों को लेकर पूरे भारत में 42,000 कि.मी. की यात्रा स्वस्थ भारत (न्यास) के यात्रियों ने की है। पहली यात्रा ‘स्वस्थ बालिका स्वस्थ समाज’ विषय पर थी जबकि दूसरी यात्रा का विषय ‘स्वस्थ भारत के तीन आयामः जनऔषधि, पोषण और आयुष्मान’ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *