नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ममता ठाकुर समेत तमाम पदाधिकारियों ने सोमवार को ‘झाडू’ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
भाजपा मुख्यालय में महासचिव अरूण, केद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी की उपस्थिति में हिमाचल प्रदेश के आम आदमी पार्टी के तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।
सिंह ने सभी को सदस्यता की पर्ची और अंगवस्त्र देकर भाजपा में शामिल कराया। भाजपा में शांमिल होने वालों में आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ममता ठाकुर, उपाध्यक्ष सोनिया बिंदल व संगीता, उद्योग विंग के प्रदेश अध्यक्ष डी॰के॰ त्यागी व प्रदेश उपाध्यक्ष सोशल मीडिया आशीष कुमार समेत तमाम लोग शामिल रहे।
अनुराग ठाकुर ने इस अवसर पर सभी का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने सोचा था हिमाचल में सरकार बनाएँगे, उनको को अब अपना संगठन बचाना मुश्किल हो गया है।
आम आदमी पार्टी तिलमिला कर, बौखला कर अपने जिस पूर्व अध्यक्ष पर घृणित टिप्पणी कर रही थी, आज उसी पार्टी की महिला विंग का साथ आना दिखाता है कि आम आदमी पार्टी झूठ प्रचारित कर रही थी। उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल को देवभूमि में चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार भी दूरबीन लेकर ढूँढने पड़ जाएंगे।