Hockey : 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता : चण्डीगढ़, झारखण्ड, बंगाल, पुडुचेरी और असम ने जीते अपने मुकाबले

भोपाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी चैम्पियनशिप-2022 में सोमवार को पांच मुकाबले खेले गए। इनमें चण्डीगढ़, झारखण्ड, बंगाल, पुडुचेरी और असम की टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की है।

12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी चैम्पियनशिप 6 से 17 अप्रैल, 2022 तक भोपाल के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम पर खेली जा रही है। प्रतियोगिता में सोमवार को पहला मैच हॉकी चण्डीगढ़ और दादर, नगर हवेली एंड दमन एवं दीव हॉकी के मध्य खेला गया। इस मैच में हॉकी चण्डीगढ़ ने दादर एवं नगर हवेली एंड दमन एवं दीव को 6-4 से परास्त किया। दूसरा मुकाबला हॉकी झारखण्ड और हॉकी जम्मू एंड कश्मीर के बीच खेला गया। इस मुकाबले को झारखण्ड ने 5-0 से जीता। तीसरा मुकाबला हॉकी बंगाल और हॉकी अरूणाचल के मध्य खेला गया। इस मुकाबले को हॉकी बंगाल ने 7-2 से जीता। चौथा मुकाबला पुडुचेरी हॉकी और हॉकी गुजरात के मध्य खेला गया। इस मुकाबले को पुडुचेरी हॉकी ने 13-2 से जीता। पांचवा मुकाबला असम हॉकी और गोवा हॉकी के मध्य खेला गया। इस मुकाबले को असम हॉकी ने 6-0 से जीता।

पहला मुकाबला-हॉकी चण्डीगढ़ विरुद्ध दादर, नगर हवेली एंड दमन एवं दीव हॉकी

आज खेल गए पहले मुकाबले के पहले क्वार्टर के चौथे मिनट में चंडीगढ़ के खिलाड़ी मोहित ने पेनॉल्टी कार्नर से गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मैच के दूसरे क्वार्टर के 21वें मिनट में दादर एंव नगर हवेली की टीम के खिलाड़ी वीजेन्दर सिंह ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मैच के 26वें और 44वें मिनट में दादर एवं नगर हवेली टीम के खिलाड़ी नबीन कुजुर ने पैनॉल्टी कार्नर से दो गोल कर अपनी टीम का स्कोर 3-1 कर दिया। मैच के 47वें और 48वें मिनट में चंडीगढ़ के खिलाड़ी अमनदीप और कवलजीत सिंह ने एक-एक फील्ड गोल कर अपनी टीम को 3-3 की बराबरी पर ला दिया।

मैच के 49वें मिनट में विशालजीत सिंह एवं 52वें मिनट में चंडीगढ़ के कप्तान योगराज सिंह ने पैनाल्टी कार्नर से एक-एक गोल कर अपनी टीम को 5-3 की बढ़त दिलाई। मैच के 55वें मिनट में चंडीगढ़ के खिलाड़ी विशालजीत सिंह ने फील्ड गोल कर स्कोर 6-3 कर दिया। मैच के 60वें मिनट में दादर एवं नगर हवेली टीम के खिलाड़ी नबीन कुजुर ने पेनॉल्टी स्ट्रोक से गोल कर अपनी टीम का स्कोर 6-4 पर पहुंचा दिया। इस मैच को चण्डीगढ़ की टीम ने 6-4 से जीता।

दूसरा मुकाबला-हॉकी झारखण्ड विरूद्ध हॉकी जम्मू एंड कश्मीर

दूसरे मुकाबले में हॉकी झारखण्ड ने हॉकी जम्मू एंड कश्मीर केा 5-0 से पराजित किया। इस मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। मैच के दूसरे क्वार्टर के 23वें और 25वें मिनट में झारखण्ड के खिलाड़ियों ने दो फील्ड गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के तीसरे क्वार्टर के 37वें, 38वें और 44वें मिनट में झारखण्ड के खिलाड़ियों ने एक-एक फील्ड गोल कर अपनी टीम का स्कोर 5-0 पर पहूंचा दिया। मैच के चौथे क्वार्टर में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। हॉकी झारखण्ड ने यह मुकाबला 5-0 से जीत लिया।

तीसरा मुकाबला-हॉकी बंगाल विरूद्ध हॉकी अरूणाचल

तीसरा मुकाबला हॉकी बंगाल और हॉकी अरूणाचल की टीमों के मध्य खेला गया। इस मुकाबले के पहले क्वार्टर के 8वें मिनट में अरूणाचल की टीम के खिलाड़ी दीपक ने पेनॉल्टी स्ट्रोक से गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। मैच के 15वें मिनट में बंगाल के कप्तान किशोर लकरा ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया। मैच के दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में अरूणाचल के कप्तान दीपक सैनी ने पेनॉल्टी स्ट्रोक से गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। मैच के 20वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर और 22वें तथा 26वें मिनट में एक-एक फील्ड गोल कर बंगाल के खिलाड़ियों ने स्कोर 4-2 कर दिया। मैच के तीसरे क्वार्टर के 36वें एवं 39वें मिनट में बंगाल के खिलाड़ियों ने एक पेनॉल्टी कार्नर एवं एक फील्ड गोल कर अपनी टीम को 6-2 की बढ़त दिलाई। मैच के चौथे क्वार्टर के 54वें मिनट में बंगाल के खिलाड़ी सौरभ कुमार सिंह ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 7-2 से विजय दिलायी।

चौथा मुकाबला-एलई पुडुचेरी हॉकी विरूद्ध हॉकी गुजरात

चौथा मुकाबला पुडुचेरी और हॉकी गुजरात के मध्य खेला गया। इस मुकाबले को पुडुचेरी ने 13-2 से अपने नाम किया। मैच के पहले क्वार्टर में गुजरात टीम के खिलाड़ी ने 11वें मिनट में फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मैच के दूसरे क्वार्टर के 18वें, 26वें और 27वें मिनट में पुडुचेरी के खिलाड़ियों ने तीन फील्ड गोल कर अपनी टीम को 3-1 की बढ़त दिलाई। मैच के तीसरे क्वार्टर के 33वे, 34वें, 35वें, 38वें, 40वें, 41वें और 44वें मिनट में पुडुचेरी के खिलाड़ियों ने सात फील्ड गोल कर अपनी टीम का स्कोर 10-1 कर दिया। मैच के चौथे क्वार्टर के 52वें, 55वें और 57वें मिनट में पुडुचेरी के खिलाड़ियों ने तीन फील्ड गोल कर अपनी टीम का स्कोर 13-1 कर दिया। मैच के अंतिम समय के 59वेें मिनट में गुजरात के कप्तान शुभम यादव ने फील्ड गोल किया। यह मुकाबला पुडुचेरी की टीम ने 13-2 से जीता।

पांचवा मुकाबला-असाम हॉकी विरूद्ध गोवा हॉकी

पांचवा मुकाबला असम हॉकी और गोवा हॉकी के मध्य खेला गया। इस मुकाबले को असाम की टीम ने 6-0 से अपने नाम किया। मैच के पहले क्वार्टर में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। मैच के दूसरे क्वार्टर के 24वें व 26वें मिनट में एक-एक फील्ड तथा 28वें मिनट में पेनॉल्टी कार्नर से एक गोल कर असम की टीम ने 3-0 की बढ़त बनाई। मैच के तीसरे क्वार्टर के 40वें मिनट में पेनॉल्टी कार्नर से एक तथा 42वें मिनट में एक फील्ड गोल कर असम की टीम ने मैच में 5-0 की बढ़त बनाई। मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर के 49वें मिनट में आसाम के खिलाड़ी मो. सलमान खान ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 6-0 से जीत दिलायी। मो.सलमान खान ने इस मैच में तीन गोल किए।

प्रतियोगिता में मंगलवार, 12 अप्रैल को पहला मुकाबला प्रातः 7.00 बजे हॉकी राजस्थान विरूद्ध दिल्ली हॉकी, दूसरा मुकाबला प्रातः 8.45 बजे तेलंगाना हॉकी विरूद्ध छत्तीसगढ़ हॉकी. तीसरा मुकाबला प्रातः 10.30 बजे हॉकी मध्य प्रदेश विरूद्ध हॉकी हिमाचल, चौथा मुकाबला अपरांह 12.15 बजे हॉकी आन्ध्र प्रदेश विरूद्ध हॉकी उत्तराखण्ड और पांचवा मुकाबला सायं 4.30 बजे हॉकी बिहार विरूद्ध केरला हॉकी खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *