नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)।विद्युत मंत्री आरके सिंह ने गुरुवार को भारत के बिजली ग्रीड पर साइबर हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास नाकामयाब हुए हैं और हमारी रक्षा प्रणाली पूरी तरह मजबूत है।
दिल्ली में एक कार्यक्रम के इतर मीडिया से बातचीत में आरके सिंह ने कहा कि साइबर हमलों के खिलाफ हमारी रक्षा प्रणाली मजबूत है। हम दिसंबर, जनवरी और फरवरी में हुए हमलों की जांच कर रहे हैं। यह हमले सफल नहीं हुए थे।
उल्लेखनीय है कि खुफिया जानकारियां रखने वाली कंपनी रिकॉर्डेड फ्यूचर के हवाले से एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था संदिग्ध राज्य प्रायोजित चीनी हैकरों ने हाल के महीनों में एक स्पष्ट साइबर-जासूसी अभियान के हिस्से के रूप में भारत में बिजली सेक्टर को निशाना बनाया है।
सिंह ने कहा कि हैकिंग का मामला हमारे सामने आया है। हमने संबधित राज्यों से जानकारी ली है। हम अपने प्रोटोकॉल फॉलो कर रहे हैं। हमारी रक्षा प्रणाली बिल्कुल मजबूत है। कोई भी हैकर चाहे वो किसी भी देश का हो, सफल नहीं हो पाएगा।