Attack : अब तरनतारन में वालीबॉल खिलाड़ियों पर चलीं गोलियां, हालत गंभीर

तरनतारन, 7 अप्रैल (हि.स)। पंजाब में खिलाड़ियों पर हमले की घटनाएं थम नहीं रही हैं। ताजा मामला भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित ग़ज़ल गांव का है। यहां गुरुवार को एक स्कूल के मैदान में वालीबॉल खेल रहे युवकों पर गोली चलाने की घटना सामने आई है। इस घटना में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय खिलाड़ी को अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे युवक का पट्टी के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि एक के हाथ में और दूसरे के पेट में छर्रे लगे हैं। फिलहाल, खेमकरन थाने की पुलिस ने कथित रूप से गोली चलाने वाले एक व्यक्ति और उसके दो बेटों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

गजल गांव के रहने वाले कुलवंत सिंह के पुत्र गुरभेज सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के सरकारी स्कूल के मैदान में रोजाना शाम को कुछ युवक वॉलीबॉल खेलने आते हैं। लेकिन स्कूल के पास रहने वाला मेहर सिंह का परिवार उन्हें वहां खेलने से रोकता था। कई बार रोकने के बाद भी जब लड़कों ने वालीबॉल खेलना जारी रखा तो मेहर सिंह ने अपने दो बेटों गुरविंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर लड़कों पर गोलियां चला दीं। इस हमले में गुरभेज सिंह के हाथ और पैर में गोली लगी जबकि मंगल सिंह के बेटे गगनदीप सिंह के पेट में कुछ छर्रे घुस गए। घायल युवकों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

उधर, घायल लड़कों के साथ खिलाड़ी इस घटना का जबरदस्त विरोध कर रहे हैं और आरोपितों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *