Sensex : बुलंदी की ओर शेयर बाजार, सेंसेक्स 1568 अंक तक और निफ्टी 444 अंक तक उछला

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (हि.स.)। पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों के साथ ही एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक के मर्जर की खबरों से उत्साहित भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को जोरदार तेजी का प्रदर्शन किया। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ही शेयर बाजार 2 प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ बंद हुआ। शेयर बाजार ने आज के कारोबार की शुरुआत शानदार मजबूती के साथ की और कारोबार के पहले घंटे में ही दिन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मुनाफावसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के कारण शेयर बाजार में तेज गिरावट भी आई। इसके बावजूद शेयर बाजार के आज के कारोबार का अंत जबरदस्त मजबूती के साथ हुआ।

आज तेजी के साथ खुलने के बाद घरेलू शेयर बाजार ने शुरुआती मिनट में कुछ गिरावट का भी सामना किया लेकिन इस मामूली गिरावट के बाद जब बाजार ने रफ्तार पकड़ी तो देखते ही देखते उसने लगभग 2 प्रतिशत से भी अधिक की छलांग लगा ली। आज खरीदारी के सपोर्ट से आई तेजी के कारण सेंसेक्स एक बार फिर 60 हजार के स्तर को और निफ्टी 18 हजार के स्तर को पार करने में सफल रहा।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स आज 487.84 अंक की मजबूती के साथ 59,764.13 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार के पहले मिनट में ही बाजार में पहले लिवाली का सपोर्ट और उसके तुरंत बाद बिकवाली का दबाव बना, जिसके कारण सेंसेक्स पहले तो उछल कर 60,087.28 अंक तक पहुंचा। हालांकि अगले ही मिनट में गिरकर 59,760.22 अंक के स्तर पर पहुंच गया।

इस गिरावट के बाद अगले दो मिनट में ही बाजार में चौतरफा खरीदारी शुरू हो गई और सेंसेक्स तेजी के साथ ऊपर की ओर चढ़ने लगा। बीच-बीच में मामूली मुनाफावसूली के चक्कर में शेयर बाजार में हल्की बिकवाली भी होती रही, जिससे इस सूचकांक को हल्का झटका भी लगता रहा। लिवाली का जोर इतना ज्यादा था कि मामूली बिकवाली के बावजूद सेंसेक्स तेजी से नई ऊंचाई की ओर चढ़ता गया।

बाजार में हो रही चौतरफा खरीदारी के कारण 10 बजे के थोड़ी देर बाद ही सेंसेक्स 1,568.41 अंक की मजबूती के साथ दिन के सर्वोच्च स्तर 60,845.10 अंक तक पहुंच गया। बाजार में आई इस जोरदार तेजी के बाद मुनाफावसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया। बिकवाली का ये दौर दोपहर 1 बजे के थोड़ी देर पहले तक चला, जिसके कारण सेंसेक्स आज के सर्वोच्च स्तर से 760.09 अंक गिरकर 60,085.01 अंक के स्तर पर पहुंच गया।

दोपहर 1 बजे मुनाफावसूली का दबाव खत्म होने के बाद बाजार में एक बार फिर तेजड़िये हावी हो गए और चौतरफा खरीदारी शुरू कर दी, जिसके कारण सेंसेक्स एक बार फिर ऊंचाई की ओर बढ़ने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स ने 2.25 प्रतिशत की मजबूती दिखाते हुए 1,335.05 अंक की बढ़त के साथ 60,611.74 अंक के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया।

सेंसेक्स की तरह ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने भी आज 138.65 अंक की मजबूती के साथ 17,809.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी में भी शुरुआती मिनट में एक बार बिकवाली का दबाव बना, जिससे ये सूचकांक 17,791.40 अंक के स्तर पर आ गया। इस शुरुआती दबाव के बाद शेयर बाजार पर पूरी तरह से तेजड़ियों का कब्जा हो गया, जिसके कारण निफ्टी ने भी तेजी की सरपट चाल पकड़ ली और तेजी से ऊपर की ओर चढ़ने लगा।

चौतरफा खरीदारी के बीच शेयर बाजार में थोड़ी थोड़ी देर पर मामूली बिकवाली भी होती रही, जिसके कारण निफ्टी को भी हल्का झटका लगता रहा। हालांकि इस बिकवाली की तुलना में लिवाली का दबाव ज्यादा होने के कारण ये सूचकांक लगातार तेजी के रास्ते पर बढ़ता गया। खरीदारी के सपोर्ट से 1 घंटे का कारोबार होने के थोड़ी देर पहले ही निफ्टी 444.20 अंक की मजबूती के साथ दिन के सर्वोच्च स्तर 18,114.65 अंक के स्तर पर पहुंच गया।

इस ऊंचाई पर पहुंचने के बाद मुनाफावसूली के चक्कर में बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण निफ्टी में भी गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया। निफ्टी में गिरावट का सिलसिला दोपहर 1 बजे तक जारी रहा लेकिन इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर बाजार में मोर्चा संभाल लिया और निफ्टी को दोबारा मजबूती की ओर उछाल दिया। खरीद बिक्री के दबाव का सामना करते हुए निफ्टी ने 2.17 प्रतिशत की मजबूती दिखाते हुए 382.95 अंक की तेजी के साथ 18,053.40 अंक के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया।

आज दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में बंद हुए। टाइटन कंपनी और इंफोसिस बिकवाली के दबाव में फंसकर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 47 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए जबकि 3 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें, तो निफ्टी के सभी 11 इंडेक्स आज हरे निशान में बंद हुए। इनमें फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 4.64 प्रतिशत और बैंक इंडेक्स 4 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। इसी तरह प्राइवेट बैंक इंडेक्स में भी 3.92 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

दिग्गज शेयरों में से एचडीएफसी बैंक 10.01 प्रतिशत, एचडीएफसी 9.29 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 4.17 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस 3.9 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक 3.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। इंफोसिस 1.08 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर 0.22 प्रतिशत और टाइटन कंपनी 0.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।