डिब्रूगढ़ (असम), 4 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 28 अप्रैल को डिब्रूगढ़ की प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार की रात कार्यक्रम स्थल के रूप में चयन करने के लिए खानिकर पुलिस रिजर्व क्षेत्र का दौरा किया।
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने रविवार को डिब्रूगढ़ के अपने एक दिवसीय दौरे के तहत कैंसर केयर फाउंडेशन के तहत डिब्रूगढ़ में बन रहे कैंसर अस्पताल का भी दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में उन सभी सुविधाओं का जायजा लिया, जो 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री लोगों को समर्पित करेंगे। डॉ. सरमा ने डॉक्टरों और निर्माण इंजीनियरों से भी चर्चा की और अस्पताल के अंतिम चरण के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पूरे क्षेत्र का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने डिब्रूगढ़ के जिला उपायुक्त और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक कर उनसे प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सभी सुविधाओं और सुरक्षा के लिए सभी कदम उठाने को कहा। बैठक के दौरान केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री केशव महंत, वित्त मंत्री अजंता नेउग, कृषि मंत्री अतुल बोरा, चाय जनजाति कल्याण मंत्री संजय किसान समेत कई विधायक भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने दौरे के दौरान राज्य के 10 में से सात कैंसर अस्पतालों का उद्घाटन करेंगे और डिब्रूगढ़ से सात अन्य कैंसर अस्पतालों की आधारशिला भी रखेंगे।
