सीएम स्टालिन ने केजरीवाल को तमिलनाडु आने का दिया न्योता

नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को दिल्ली पहुंचकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ सरकारी स्कूल और मोहल्ला क्लिनिक का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को तमिलनाडु आने का न्योता भी दिया।

स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया है। राज्य के स्कूलों को आधुनिक बनाने का कार्य पूरा किया जा चुका है। स्टालिन ने कहा कि जल्द ही इन मॉडर्न स्कूलों का उद्घाटन किया जाएगा। उस उद्घाटन समारोह में तमिलनाडु की जनता की ओर से वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आमंत्रित करते हैं।

उल्लेखनीय है कि स्टालिन कई बार अपने बयानों में दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल की प्रशंसा करते रहे हैं। इसी क्रम में स्टालिन ने आज दिल्ली के सीएम केजरीवाल और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के साथ राजधानी के विनोद नगर के राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय और मोहल्ला क्लिनिक का दौरा किया। केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने उन्हें शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा स्कूल के छात्रों ने भी दोनों मुख्यमंत्रियों के सामने प्रजेंटेशन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *